Rajesh Sharma की तबीयत में सुधार, अस्पताल से डिस्चार्ज हुए; 'फौजी' के सेट पर कीड़ा काटने से हुए थे बीमार
Rajesh Sharma: एक्टर राजेश शर्मा को अब अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वह अब मुंबई वाले अपने घर में आ गए हैं। इसके साथ ही वह जल्द ही अपने काम पर वापसी की तैयारी शुरू कर सकते हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Rajesh Sharma: एक्टर राजेश शर्मा को लेकर महीने की शुरुआत में यह चिंताजनक खबर सामने आई थी कि हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया है। इस घटना के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बताया जा रहा था कि उस दौरान वह साउथ सुपरस्टार प्रभास की फिल्म 'फौजी' की शूटिंग में बिजी थे।
राजेश शर्मा की हेल्थ अपडेट
एक्टर की हेल्थ को लेकर उनके फैमिली फ्रेंड सुदीप चटर्जी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। उन्होंने बताया था कि कीड़े के काटने के बाद राजेश शर्मा की स्थिति बिगड़ गई थी, जिसके कारण उन्हें इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया था। वहां ढाकुरिया के मणिपाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
अस्पताल से मिली छुट्टी
राजेश शर्मा की तबीयत को लेकर फैंस काफी चिंतित थे क्योंकि उनकी स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही थी। हालांकि अब उनके चाहने वालों के लिए राहत की खबर सामने आई है। खबरों के अनुसार, उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और वे फिलहाल मुंबई स्थित अपने घर पर आराम कर रहे हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज यानी एफडब्ल्यूआईसीई के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि की है कि एक्टर अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही अपने किसी प्रोजेक्ट की शूटिंग के सिलसिले में विदेश भी जाने वाले हैं।
अक्षय कुमार ने जताई थी चिंता
इस पूरे मामले के बीच फिल्म 'फौजी' के मेकर्स ने इन दावों को खारिज कर दिया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की टीम ने कहा था कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है और राजेश शर्मा ने शूटिंग का अपना हिस्सा एक हफ्ते पहले ही पूरा कर लिया था, जिसके बाद वे घर लौट गए थे। वहीं बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने भी राजेश शर्मा की सेहत को लेकर चिंता जताई थी। अक्षय ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि जल्द स्वस्थ हो जाओ और अभी हंसाना बाकी है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 18 July 2026 at 16:58 IST