अपडेटेड 17 May 2024 at 10:28 IST
‘अब भारत रुकने वाला नहीं’; अटल सेतु की मुरीद हुईं रश्मिका, तो PM मोदी बोले- काफी संतुष्टि…
PM Modi Reacts To Rashmika Mandanna: रश्मिका मंदाना ने मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसपर अब पीएम नरेंद्र मोदी ने भी रिएक्ट किया है।
PM Modi Reacts To Rashmika Mandanna: पैन इंडिया स्टार रश्मिका मंदाना ने हाल ही में मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसपर अब पीएम नरेंद्र मोदी ने भी रिएक्ट किया है। इस लिंक को अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु ( Atal Bihari Vajpayee Sewari-Nhava Sheva Atal Setu) के नाम से भी जाना जाता है।
पुष्पा स्टार ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वो ट्रांस हार्बर लिंक से गुजरती नजर आ रही हैं। वो फैंस को गाड़ी से बाहर देखने के लिए कहती हैं। फिर वो आगे वीडियो में बताती हैं कि मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक 22 किमी लंबा है और इसमें छह लेन हैं। ये भारत में समुद्र पर बना सबसे लंबा पुल है जिसकी वजह से दो घंटे का रास्ता कटकर केवल 20 मिनट का रह गया है।
अटल सेतु की तारीफ में रश्मिका मंदाना ने शेयर किया वीडियो
रश्मिका मंदाना आगे अपने वीडियो में कहती हैं- “कुछ साल पहले कोई सोच भी सकता था कि ये होगा। लोग कहते थे कि भारत बड़े सपने नहीं देख सकता लेकिन हमने इस चमत्कारी पुल को केवल सात सालों में बना दिया है”।
गुडबाय फेम एक्ट्रेस आगे कहती हैं कि “अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु ने भविष्य के दरवाजे को ऐसा जोर से खटखटाया है कि विकसित भारत के रास्ते ही खुल गए हैं। अटल सेतु केवल एक पुल नहीं है, बल्कि एक गारंटी है हमारे युवा भारत की। हमारे देश को अब आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। ऐसे हजारों अटल सेतु बनाने हैं। जागिए और विकास के लिए वोट करिए”।
इस वीडियो को शेयर करते हुए रश्मिका मंदाना ने कैप्शन में लिखा- “दक्षिण भारत से उत्तर भारत... पश्चिम भारत से पूर्वी भारत... लोगों को जोड़ रहे हैं, दिलों को जोड़ रहे हैं! मेरा भारत”।
रश्मिका मंदाना के वीडियो पर पीएम मोदी ने किया रिएक्ट
जैसे ही एनिमल स्टार ने इस वीडियो को पोस्ट किया, ये वायरल हो गया है। अब खुद पीएम मोदी ने भी अपने एक्स हैंडल के जरिए इस वीडियो पर रिएक्ट किया है। उन्होंने एक्ट्रेस के वीडियो को रीशेयर करते हुए लिखा- “बिल्कुल! लोगों को जोड़ने और जिंदगी को बेहतर बनाने से ज्यादा संतुष्टिदायक कुछ भी नहीं है”।
Absolutely! Nothing more satisfying than connecting people and improving lives. https://t.co/GZ3gbLN2bb
— Narendra Modi (@narendramodi)
इस बीच, फिल्मों की बात करें तो रश्मिका मंदाना जल्द सुकुमार की फिल्म ‘पुष्पाः द रूल’ में नजर आएंगी। वह सीक्वल में अपना फेमस किरदार श्रीवल्ली दोहराने वाली हैं। उनके साथ फिल्म ‘पुष्पा 2’ में अल्लू अर्जुन और फहाद फासिल भी काम कर रहे हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 17 May 2024 at 10:21 IST