Kerala Election 2026: मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने डाला वोट, लाइन में खड़े होकर किया अपनी बारी का इंतजार

Kerala Assembly Election 2026: केरल में आज यानि 9 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल भी अपना वोट डालने पहुंचे।

Mohanlal cast his vote | Image: ANI, @Mohanlal/X

Kerala Assembly Election 2026: केरल में आज यानि 9 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। ये मतदान एक चरण में होगा जिसमें 2.69 करोड़ से ज्यादा मतदाता 140 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 883 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान की प्रक्रिया आज सुबह 7 बजे शुरू हो चुकी है जिसमें मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल भी अपना वोट डालने पहुंचे।

केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पहले चरण का मतदान आज शाम 6 बजे तक चलेगा। आपको बता दें कि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को खत्म हो रहा है।

केरल विधानसभा चुनाव में मोहनलाल ने डाला वोट

अब मशहूर एक्टर मोहनलाल के भी ढेर सारे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिनमें उन्हें वोटिंग से पहले लाइन में खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार करते देखा जा सकता है। मोहनलाल ने तिरुवनंतपुरम में नेमोन विधानसभा क्षेत्र के मुदावनमुगल स्थित सरकारी LP स्कूल में अपना वोट डाला। उन्होंने शांति से लोगों की भीड़ के बीच अपनी बारी का इंतजार किया और वोट डालने के बाद कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराते हुए नजर आए। 

उन्होंने बाद में अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए अपनी स्याही लगी उंगली दिखाकर मतदाताओं को जागरूक भी किया। इसके साथ मोहनलाल ने कैप्शन में लिखा- ‘मैंने अपना काम कर दिया। अब आपकी बारी, केरलम जाओ वोट करो’। 

केरल विधानसभा चुनाव के लिए शुरू हुई वोटिंग

केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF), कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (United Democratic Front - UDF) और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) के बीच एक रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है। चुनाव की सुचारू व्यवस्था के लिए पूरे राज्य में 30,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 1.46 लाख प्रशिक्षित मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू. केलकर के अनुसार, राज्य में कुल 2,69,53,644 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 1,38,27,319 महिला मतदाता, 1,31,26,048 पुरुष मतदाता और 277 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। 18-19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 4,24,518 है, जबकि 85 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक मतदाता 2,04,608 हैं। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। 

ये भी पढ़ेंः केरल में 2.6 करोड़ मतदाता, 140 सीटों पर आज करेंगे 883 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला, पिछले चुनाव में नहीं खुल पाया था NDA का खाता

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 9 April 2026 at 08:21 IST