Rajinikanth की फिल्म ‘Jailer 2’ की शूटिंग के दौरान बड़ा हादसा, 28 साल के युवक की मौत से पसरा मातम
Jailer 2 Accident: फिल्म ‘जेलर 2’ के शूटिंग सेट पर हादसा हो गया है। यहां पर एक 28 साल के कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई है।
Jailer 2 Accident: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ की शूटिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया है। चेन्नई में फिल्म के सेट पर करंट लगने से 28 साल के युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद फिल्म की पूरी टीम और फैंस सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
‘Jailer 2’ के सेट पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान कार्ति केयन के रूप में हुई है, जो फिल्म के आर्ट डिपार्टमेंट में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह शूटिंग के लिए तैयार किए जा रहे घरनुमा सेट पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद टीम के सदस्यों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके।
चेन्नई के निजी स्टूडियो में हुई घटना
यह हादसा चेन्नई के पनैयूर इलाके में स्थित एक निजी फिल्म स्टूडियो में हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सेट तैयार करने के दौरान बिजली के लीकेज की वजह से यह दुर्घटना हुई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सेट पर सुरक्षा में कहां चूक हुई।
पुलिस ने शुरू की जांच
कनाथुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस सेट पर मौजूद कर्मचारियों और तकनीकी टीम से पूछताछ कर रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
फिल्म को लेकर फैंस में बना हुआ है क्रेज
बता दें कि ‘Jailer 2’, साल 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘Jailer’ का सीक्वल है। इस फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी और अब फैंस इसके दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 15 May 2026 at 20:32 IST