मशहूर तमिल फिल्म निर्देशक जयभारती का निधन, 77 की उम्र में ली अंतिम सांस
मशहूर तमिल फिल्म ‘कुदिसाई’ (द हट) के निर्देशक और लेखक जयभारती का शुक्रवार को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण चेन्नई में निधन हो गया।
- मनोरंजन समाचार
- 1 min read
मशहूर तमिल फिल्म ‘कुदिसाई’ (द हट) के निर्देशक और लेखक जयभारती का शुक्रवार को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण चेन्नई में निधन हो गया। उनके एक करीबी सूत्र ने यह जानकारी दी। जयभारती (77) को तबीयत बिगड़ने के बाद यहां एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था और शुक्रवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली।
जयभारती की पहली फिल्म ‘कुदिसाई’ में ‘साउंड इफेक्ट्स’ देने वाले हास्य कलाकार और पूर्व विधायक एस. वी. शेखर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि जयभारती अंतरराष्ट्रीय फिल्मों से काफी प्रभावित थे। जयभारती की फिल्म ‘नानबा-नानबा’ में शेखर के भाई ने मुख्य भूमिका निभाई थी और इस फिल्म ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था।
जयभारती को पहचान दिलाने वाली उनकी फिल्म ‘कुदिसाई’, 1979 में रिलीज हुई थी और उन्होंने 2010 में अपनी आखिरी फिल्म ‘पुथिरन’ का निर्देशन किया था। बताया जाता है कि निर्देशक-लेखक अपने जीवन के अंतिम दौर में गरीबी में रह रहे थे और फिल्म जगत में आने से पहले उन्होंने पत्रकार के रूप में भी काम किया था।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 6 December 2024 at 13:24 IST