रोहित शेट्टी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, रंगदारी में फोन कर मांगे 20 करोड़ रुपये
Rohit Shetty Threat: रोहित शेट्टी को फिर मिला धमकी भरा फोन, 20 करोड़ की फिरौती मांग और फायरिंग का मामले का कनेक्शन सामने आया है। अब उनकी सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Rohit Shetty Threat: फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को शनिवार की सुबह एक बार फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने उनसे 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है। इस ताजा धमकी के बाद मुंबई पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस फिलहाल फोन करने वाले की पहचान करने में जुटी है और अधिकारी इस बात की बारीकी से जांच कर रहे हैं कि क्या इस धमकी के पीछे भी बिश्नोई गिरोह का हाथ है।
कुछ महीने पहले घर पर हुई थी फायरिंग
बता दें कि कुछ महीने पहले ही बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। उस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने अब तक कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ और जांच का सिलसिला जारी है।
फायरिंग मामले में नेपाल कनेक्शन का खुलासा
रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग की घटना को लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच को जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर्स को मोटी रकम दी गई थी, जिसकी फंडिंग पड़ोसी देश नेपाल से हुई थी।
क्राइम ब्रांच की तरफ से सामने आया है कि शूटर्स के बैंक खातों में पैसा सीधे जमा कराया गया था और इसके लिए एटीएम के जरिए कैश ट्रांजैक्शन का सहारा लिया गया था। पुलिस अब उन बैंक डिटेल्स को खंगालने में लगी है जिसके जरिए अज्ञात व्यक्ति ने आरोपियों के खातों में रकम ट्रांसफर की थी। क्राइम ब्रांच इस बात के पुख्ता सबूत जुटा रही है कि आखिर यह पैसा किसने भेजा और इसका मुख्य सूत्रधार कौन है। शुरुआती जांच में इस पूरे लेनदेन का कनेक्शन नेपाल से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 27 June 2026 at 17:21 IST