Pawan Singh Family Dispute: सब्र का बांध टूटा तो पवन सिंह ने खानदान से तोड़ा नाता, मां-भाई के लिए भावुक पोस्ट लिख बयां किया दर्द
भोजपुरी सिनेमा के अभिनेता और बिहार के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता पवन सिंह ने अपने परिवार और खानदान से सभी संबंध समाप्त करने का ऐलान किया है। उनके इस बयान के अनुसार, उन्होंने केवल अपनी मां और बड़े भाई को छोड़कर परिवार के बाकी सभी सदस्यों से पूरी तरह दूरी बनाने का फैसला लिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' और भाजपा नेता पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा कर पूरे परिवार और खानदान से नाता तोड़ने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद वे यह कदम उठा रहे हैं, हालांकि अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह को उन्होंने इस फैसले से अलग रखा है।
परिवार से रिश्ता खत्म करने का ऐलान
रविवार को साझा किए गए संदेश में पवन सिंह ने लिखा कि घर के चक्कर में पड़ने पर लोग वेद-शास्त्र तक भुला देते हैं। उन्होंने भोजपुरिया समाज से क्षमा मांगते हुए स्पष्ट किया कि अब उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई संबंध नहीं रहेगा। इस भावुक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जन्म देने वाली मां और सबसे बड़े भाई रानू सिंह के लिए वे जब तक जीवित हैं, तब तक जान हाजिर है, और खुद को सभी के परिवार का एक छोटा सा सदस्य बताया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट
पवन सिंह का यह संदेश सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उनके प्रशंसकों और राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जहां कई समर्थक इसे उनकी गहरी निजी पीड़ा मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे घर के भीतर चल रहे तनाव से जोड़कर देख रहे हैं। इस अचानक लिए गए फैसले के पीछे की असली वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
निजी जिंदगी और तलाक का मामला
पवन सिंह का निजी जीवन लंबे समय से सुर्खियों में बना हुआ है। उनकी पहली शादी वर्ष 2014 में नीलम सिंह से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद नीलम ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनका नाम अभिनेत्री अक्षरा सिंह से भी जुड़ा, लेकिन उन्होंने ज्योति सिंह से विवाह कर लिया। कुछ समय बाद पवन सिंह और ज्योति सिंह के रिश्ते में दरार आ गई और मामला तलाक तक पहुंच गया, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। सुलह के कई प्रयासों के बावजूद दोनों के बीच सहमति नहीं बन सकी है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 29 November 2026 at 16:27 IST