अपडेटेड 12 July 2023 at 20:41 IST
तमिल डायरेक्टर ने MS Dhoni के साथ शेयर किया फैन मोमेंट, इस बात के लिए माही को कहा शुक्रिया
तमिल फिल्म डायरेक्टर विग्नेश शिवान ने एमएस धोनी के साथ फैन मोमेंट का एक वीडियो शेयर किया है। साथ ही उन्होंने माही को तमिल फिल्म बनाने के लिए शुक्रिया भी कहा है।
Vignesh Shivan Thanks MS Dhoni: एमएस धोनी एक क्रिकेटर या सिलेब्रिटी नहीं बल्कि एक इमोशन हैं। ऐसा हम नहीं बल्कि उनके चाहने वाले कहते हैं। हर शहर, हर उम्र, हर वर्ग के लोग उन्हें पसंद करते हैं। बड़ी-बड़ी हस्तियां भी माही के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर कर चुकी हैं। अब मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर विग्नेश शिवान ने धोनी के साथ फैन मोमेंट का एक वीडियो शेयर किया है और कैप्टन कूल को शुक्रिया कहा है।
खबर में आगे पढ़ें…
- विग्नेश शिवान ने धोनी संग शेयर किया वीडियो
- माही दे रहे फिल्ममेकर की टी-शर्ट पर ऑटोग्राफ
- शिवान ने धोनी को तमिल फिल्म बनाने के लिए कहा शुक्रिया
विग्नेश शिवान ने धोनी संग शेयर किया वीडियो
विग्नेश शिवान तमिल फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध फिल्ममेकर हैं। अब तक कई सुपरहिट फिल्में वो दे चुके हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर माही के साथ एक वीडियो शेयर किया, जिसमें पूर्व कप्तान उनकी टी-शर्ट पर ऑटोग्राफ दे रहे हैं। ऑटोग्राफ पाने के बाद डायरेक्टर काफी खुश नजर आते हैं। वो धोनी से हाथ मिलाते हैं और उनके हाथ को अपने माथे पर भी लगाते हैं। विग्नेश ने एक नोट लिखते हुए धोनी तो तमिल फिल्म बनाने के लिए शुक्रिया भी कहा।
वीडियो शेयर करते हुए विग्नेश ने लिखा, “मेरे हीरो के साथ, मेरे कप्तान, मेरे रोल मॉडल। धोनी के साथ रहना हमेशा ही काफी इमोशनल होता है। वो एक ऐसे शख्स हैं, जिन्हें मैं सबसे ज्यादा पसंद करता हूं। उनको देखकर मेरे चेहरे पर खुशी आ जाती है। वो तमिल इंडस्ट्री में फिल्म बना रहे हैं, ये देखकर काफी खुशी हुई। उनके प्रोडक्शन हाउस ने शुरुआत के लिए इस इंडस्ट्री को चुना। हम सभी उन्हें सपोर्ट करने के लिए थियेटर में जाकर फिल्म देखेंगे। साक्षी मैम आपका शुक्रिया। तमिल सिनेमा में आपका स्वागत है।” अंत में विग्नेश ने धोनी और उनके प्रोडक्शन हाउस को शुभकामनाएं भी दी।
यह भी पढ़ें- तमिल एक्टर ने धोनी से की CSK के लिए खेलने की रिक्वेस्ट, माही ने कहा- ‘रायडू की जगह है खाली’
जल्द रिलीज होगी फिल्म ‘लेट्स गेट मैरिड’
विग्नेश शिवान का फैन मोमेंट अभिनेता और माही दोनों के फैंस को पसंद आ रहा है। इन दिनों महेंद्र सिंह धोनी अपनी फिल्म ‘लेट्स गेट मैरिड’ को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। यह एक तमिल फिल्म है, जो उनके प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनने वाली पहली फिल्म भी है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जा चुका है। धोनी ने ट्रेलर लॉन्च के दौरान बताया था कि ये एक कंप्लीट फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसे आप अपने परिवार के साथ देख सकते हैं।
Published By : Mohit Jain
पब्लिश्ड 12 July 2023 at 20:40 IST