अपडेटेड 23 July 2023 at 11:26 IST
अयोध्या में दिखी रामायण की सीता दीपिका चिखलिया, बोलीं- राम जी के दर्शन कर मैं धन्य हो गई
रामानंद सागर के टीवी सीरियल रामायण में सीता माता का किरदार निभाने वालीं दीपिका चिखलिया ने राम लला के दर्शन किए।
Dipika Chikhlia Ayodhya Visit: 80 के दशक में माता सीता की भूमिका निभा घर घर में लोकप्रिय हुईं दीपिका चिखलिया पहली बार अयोध्या पहुंची। मंदिर में दर्शन कर बाहर निकली दीपिका ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण के बाद वो दोबारा आएंगी।
खबर में आगे पढ़ें-
- दीपिका ने खुद को बताया भाग्यशाली
- पहली बार अयोध्या आईं रामायण की सीता
- लोगों ने झुकझुक कर लिया आशीर्वाद
रामलला के दर पर दीपिका
दीपिका शनिवार को रामलला के दर पर पहुंचीं। पहली बार अयोध्या पहुंचने की खुशी उनकी बातों और चेहरे के भावों से पता चल रही थी। वहां मौजूद लोगों को एक्टर में माता सीता दिखीं और झुकझुक कर उनसे आशीष लिया। इस दौरान पूर्व सांसद गुलाबी साड़ी में दिखीं। उनके गले में भी लोगों ने फूलों की माला डाल रखी थी। दीपिका ने दर्शन के बाद कहा-
पहली बार मुझे अवसर मिला, मैंने राम जी के दर्शन किए...प्रतिमा बेहद तेजस्वी है मैं धन्य हो गई...मेरी प्रार्थना है कि जो भी इनके दर्शन करे उसके दुख दर्द दूर हो जाएं। मैं भव्य मंदिर निर्माण के बाद यहां दोबारा दर्शन के लिए आऊंगी।
बदलाव पॉजिटिव है
एक्टर की मानें तो इन दिनों भारत में सनातनी धर्म फल फूल रहा है। ये देश के लिए पॉजिटिव साइन है। उन्होंने कहा- हिंदुस्तान सनातनी होता जा रहा है। ये अलग सा रूप दिख रहा है और ये रूप पॉजिटिव है। जब से नरेन्द्र मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं ये बदलाव दिखा है और हमें इसका खुले दिल से स्वागत करना चाहिए।
दरभंगा में हुई थीं भावुक
जून 2023 में अरुण और दीपिका मिथिलांचल के दरभंगा पहुंचे थे जहां उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। लोग अपने राम-सिया की एक झलक पाने के लिए बेकाबू हो गए थे। लोगों में दोनों सितारों को लेकर इस कदर प्यार था कि दीपिका की मिथिला से पूरे रीति-रिवाजों के साथ विदाई की गई। इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए जिसमें ये खूबसूरत पल देखने को मिल रहे हैं। उस पलों को जी दीपिका भावुक हो गई थीं।
दीपिका ने मिथिला दौरे से दो वीडियो शेयर किए थे। पहले वीडियो में एक महिला दीपिका को विदा करती नजर आ रही थीं। इस दौरान वह भावुक हो गईं जिसके बाद एक्ट्रेस ने उन्हें गले लगा लिया। इसे शेयर करते हुए दीपिका कैप्शन में लिखती हैं- “पार्ट 1… मिथिला में… सीताजी की विदाई… मुझे बेटी जैसा महसूस कराने के लिए उन्होंने हर संभव काम किया… रामायण के युग में खो गई”। इसके बाद उन्होंने एक और वीडियो डाला है जिसमें अपने चाहनेवालों से विदा लेकर दीपिका कार में बैठकर जाती हुई दिख रही हैं। इस दौरान उनकी आंखों में आंसू होते हैं और वह लोगों को इतने प्यार और सम्मान के लिए धन्यवाद देती हैं।
Published By : Kiran Rai
पब्लिश्ड 23 July 2023 at 11:26 IST
