अपडेटेड 8 February 2026 at 12:04 IST
1 साल में कहां से कहां पहुंच गईं मोनालिसा… जहां से हुईं वायरल, अब उसी प्रयागराज में करेंगी फिल्म का ट्रेलर लॉन्च
Monalisa: महाकुंभ में माला बेचने वाली मोनालिसा ने फिल्मों की दुनिया में कदम रख दिया है। उन्हें फिल्ममेकर सनोज मिश्रा ने अपनी आगामी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में मौका दिया है।
Monalisa: महाकुंभ से रातों-रात सोशल मीडिया सेनसेशन बनने वाली मोनालिसा इन दिनों ग्लैमर की दुनिया में धमाल मचा रही हैं। उनकी डेब्यू फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसका ट्रेलर बड़ी धूमधाम से प्रयागराज में लॉन्च किया जाएगा।
महाकुंभ में माला बेचने वाली मोनालिसा ने फिल्मों की दुनिया में कदम रख दिया है। उन्हें फिल्ममेकर सनोज मिश्रा ने अपनी आगामी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में मौका दिया है। फिल्म का पहला पोस्टर हाल ही में जारी हुआ था जिसमें मोनालिसा एकदम अलग अवतार में नजर आ रही थीं।
प्रयागराज लौट रहीं मोनालिसा
महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो बता रही हैं कि वो 10 फरवरी को प्रयागराज में हो रहे माघ मेला में शामिल होंगी। उन्होंने आगे कहा कि वो प्रयागराज में अपनी डेब्यू फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' के डायरेक्टर सनोज मिश्रा के साथ आने वाली हैं।
मोनालिसा ने वीडियो में कहा- "एक साल पहले मां गंगा मैया के आशीर्वाद और आप सभी के प्यार से मेरी नई जिंदगी की शुरुआत हुई थी, अब मेरी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का ट्रेलर भी वही रिलीज होगा। ये मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं है। मैं तहे दिल से सनोज मिश्रा सर का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझे इतना बड़ा मौका दिया। आप सभी लोगों का और मीडिया वालों का भी धन्यवाद जिन्होंने मुझे इतना प्यार और सपोर्ट दिया"।
प्रयागराज में होगा 'द डायरी ऑफ मणिपुर' का ट्रेलर लॉन्च
मोनालिसा से पहले 'द डायरी ऑफ मणिपुर' के डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने भी ट्रेलर लॉन्च इवेंट की जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए दी थी। उन्होंने मोनालिसा के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा कि “द डायरी ऑफ मणिपुर की टीम प्रयागराज में ट्रेलर रिलीज करने के लिए पहुंच रही है। यहीं से पिछले साल वायरल गर्ल मोनालिसा का उदय हुआ था जिसको मैंने एक्ट्रेस बनाने का संकल्प लिया था जो मैंने पूरा किया”।
उन्होंने आगे लिखा कि ‘ये सफर आसान नहीं था। मोनालिसा को शिक्षित प्रशिक्षित करने के अलावा दुश्मनों की साजिशों का भी सामना करना था, आप सभी की प्रेरणा से सभी को जवाब देते हुए कारवां अब फिल्म की रिलीज तक आ गया है जो मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं है’।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 8 February 2026 at 12:04 IST