अपडेटेड 13 March 2026 at 18:29 IST
रंग लाई मैथिली ठाकुर की पहल, पैर घसीटकर 2km स्कूल जाने वाली सोनी को मिली ट्राइसाइकिल, सोनू सूद ने भी की मदद की पेशकश
सोनी कुमारी दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद प्रतिदिन 2 किलोमीटर तक पैर घसीटकर स्कूल जाती है। उसका वीडियो देख लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने उनकी मदद करने की ठानी।
सोशल मीडिया कई लोगों के लिए उम्मीद की किरण बना है। जब बीते दिनों बिहार के गोपालगंज जिले की रहने वाली दिव्यांग छात्रा सोनी कुमारी का एक वीडियो सामने आया तो कई लोग उसकी मदद के लिए आगे आ गए। दरअसल, सोनी दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद प्रतिदिन 2 किलोमीटर तक पैर घसीटकर स्कूल जाती है। उसका वीडियो देख लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने उनकी मदद करने की ठानी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्ची गोपालगंज के रामनगर गांव की रहने वाली है। उसके पिता नहीं हैं और मां मजदूरी करके किसी तरह बच्चों का पेट पालती है। पहली कक्षा में पढ़ने वाली सोनी पढ़-लिखकर डॉक्टर बनना चाहती है। आर्थिक तंगी और शारीरिक परेशानी के बावजूद उसके हौसले बुलंद है और वो अपना सपना पूरा करने के लिए किसी भी तरह की चुनौती को पार करने के लिए तैयार है।
गोपालगंज की सोनी कुमारी को मिली ट्राइसाइकिल
दरअसल, सोनी कुमारी का वीडियो देखने के बाद दरभंगा के अलीनगर से बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने मदद का हाथ आगे बढ़ाते हुए सोशल मीडिया पर उनका पता, नाम और नंबर जैसी डिटेल्स मांगी थीं। उन्होंने गोपालगंज के डीएम से फोन पर बात कर मामले में तुरंत कार्रवाई की अपील की। उनकी पहल के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और सोनी कुमारी को ट्राईसाइकिल के साथ-साथ पढ़ाई से जुड़ी अन्य चीजें भी उपलब्ध कराईं।
सामने आई जानकारी की माने तो, जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार समेत कई अधिकारी सोनी के घर पहुंचे जहां उन्हें ट्राईसाइकिल दी गई। डीएम पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि राइट टू एजुकेशन के तहत बच्ची का एडमिशन ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल में हुआ है। जब ट्राईसाइकिल नहीं मिलने को लेकर विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो पता चला कि इसे लेकर कोई आवेदन नहीं मिला है। बच्ची को अब तक ट्राईसाइकिल नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर शो कॉज किया जाएगा और उचित जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सोनू सूद ने भी की थी मदद की पेशकश
मैथिली ठाकुर के अलावा, बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने भी सोनी कुमारी का वीडियो शेयर करते हुए मदद ऑफर की थी। उन्होंने अपने एक्स हैंडल के जरिए लिखा- पता भेज दीजिए, व्हीलचेयर घर पहुंच जाएगा।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 13 March 2026 at 18:27 IST