Lock Upp 2: शिवांगी जोशी ने 'लॉक अप 2' में शेयर किया दर्दनाक सीक्रेट, कहा- एक वक्त ऐसा था जब चूल्हा जलाने के पैसे भी नहीं थे

Lock Upp 2: 'लॉक अप 2' में शिवांगी जोशी ने शेयर किया कि रिश्तेदारों ने धोखा करके उनके परिवार को सड़क पर ला दिया था। उस समय एक्ट्रेस के परिवार के पास चूल्हा जलाने तक के पैसे नहीं बचे थे।

Lock Upp 2 | Image: X

Lock Upp 2: एक्ट्रेस शिवांगी जोशी इन दिनों नेटफ्लिक्स के चर्चित रिएलिटी शो 'लॉक अप 2' को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो के दौरान शिवांगी ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कुछ ऐसे चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिन्हें सुनकर हर कोई हैरान रह गया। उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी था जब उनके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि उनके पास खाने और चूल्हा जलाने तक के पैसे नहीं थे।

 

शिवांगी ने शो में बताया कि उनके पिता का एक रिश्तेदार के साथ ट्रांसपोर्ट का बिजनेस था और सब कुछ ठीक चल रहा था। बाद में बिजनेस में हुए भारी घाटे को उस रिश्तेदार ने उनके पिता के सिर मढ़ दिया। घाटा इतना ज्यादा था कि उनके परिवार को अपनी सारी संपत्ति बेचनी पड़ी और वे सड़क पर आ गए। उन्होंने बताया कि उस बुरे वक्त में कुछ रिश्तेदारों ने ब्रेड और बटर लाकर उनकी मदद की थी, क्योंकि उनके घर में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा था।

 

एक्ट्रेस ने अपने माता-पिता के संघर्ष को याद करते हुए बताया कि उन्होंने परिवार को पालने के लिए कैंटीन में काम किया, लोगों के कपड़े सिले और यहां तक कि बर्तन भी धोए। उनके माता-पिता की आंखों में अपने बच्चों को भूखा न देख पाने की बेबसी साफ झलकती थी। शिवांगी ने इमोशनल होते हुए कहा कि आज वह अपने परिवार में कमाने वाली इकलौती सदस्य हैं और उन्होंने यह ठान रखा है कि वे अपनी जिंदगी में कभी भी उस बुरे दौर को दोबारा नहीं आने देंगी। 
इसके अलावा शिवांगी ने शो में एक और बड़ा सीक्रेट शेयर करते हुए बताया कि उनकी मां के मुंहबोले भाई यानी उनके एक मामजी ने उनके साथ गलत तरीके से छूने और किस करने की कोशिश की थी।

 

आपको बता दें कि शिवांगी जोशी ने साल 2013 में मात्र 16 साल की उम्र में टीवी शो खेलती है जिंदगी आंख मिचोली से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। हालांकि, उन्हें असली पहचान राजन शाही के लोकप्रिय शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से मिली। इसके बाद उन्होंने 'बेइंतहा', 'बेगुसराय', 'बालिका वधू 2', 'बरसातें - मौसम प्यार का' और 'बड़े अच्छे लगते हैं 4' जैसे कई मशहूर शोज में काम किया है।

यह भी पढ़ें: कब- किस समय रिलीज होगा 'रामायण' का ट्रेलर, दिखेगी सीता-राम की जोड़ी

Published By : Kirti Soni

पब्लिश्ड 29 July 2026 at 13:45 IST