अपडेटेड 28 February 2024 at 18:58 IST
कैंसर से जंग हारीं फेमिना मिस इंडिया त्रिपुरा रिंकी चकमा, 29 साल की उम्र में हुआ निधन
Rinky Chakma Death: रिंकी चकमा ने पिछले महीने ही अपने फैंस के साथ 2022 से कैंसर से जूझने की जानकारी दी थी।
Miss India Tripura 2017 Rinky Chakma Dies: एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से बुरी खबर सामने आई है। मिस इंडिया त्रिपुरा 2017 का खिताब जीतने वाली रिंकी चकमा ने 29 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। रिंकी 2022 से कैंसर से जूझ रही थीं। उन्हें मैलिग्नेंट फिलोड्स ट्यूमर (स्तन कैंसर) हुआ था।
जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को उनके एक फेफड़े ने काम करना लगभग बंद कर दिया था, जिसके बाद उन्हें इमरजेंसी में दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी एक दोस्त प्रियंका कुमारी ने इसकी पुष्टि की। इसके बाद आज (28 फरवरी) को रिंकी चकमा ने दम तोड़ दिया।
मिस इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ने किया पोस्ट
मिस इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ने सोशल मीडिया पर रिंकी के निधन की दुखद खबर की पुष्टि की है। अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर लिखा है, 'हमें अत्यंत दुख के साथ यह बताना पड़ रहा है कि फेमिना मिस इंडिया त्रिपुरा 2017 रिंकी चकमा का निधन हो गया। वह वास्तव में शानदार और स्ट्रॉन्ग महिला थीं, जो अपने लक्ष्य पर टिकी रहती थीं। फेमिना मिस इंडिया 2017 प्रतियोगिता में त्रिपुरा को रीप्रेजेंट करते हुए उनको मिस ब्यूटी विद ए पर्पस के खिताब से नवाजा गया था। यह उनके प्रभावशाली प्रयासों और दयालु भावना का प्रमाण था।"
पोस्ट में आगे लिखा गया, "इस कठिन समय में उनके परिवार और दोस्तों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले। रिंकी, आपके उद्देश्य और सुंदरता की विरासत को हमेशा याद रखा जाएगा। उन सभी लोगों को आपकी बहुत याद आएगी जिन्हें आपको जानने का सौभाग्य मिला है।"
सेलिना जेटली-नेहा धूपिया ने जताया दुख
ऑर्गेनाइजेशन के इस पोस्ट पर आम लोगों समेत कई सेलेब्स ने भी रिंकी चकमा ने निधन पर दुख जताया। एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, "रिंकी के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। दुनिया और भारत ने एक रत्न खो दिया है। उनके निधन की खबर सुनकर सचमुच सदमा लगा है। स्वर्ग में एक नई परी आई है।" वहीं नेहा धूपिया ने एक दिल टूटने वाला इमोजी शेयर किया।
दो सालों से कैंसर से जूझ रही थीं रिंकी
बता दें कि रिंकी चकमा ने पिछले महीने ही अपने फैंस के साथ 2022 से कैंसर से जूझने की जानकारी दी थी। इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट में उन्होंने बताया था कि उनके शुरुआती ऑपरेशन के बाद कैंसर उनकी सिर और बाद में उनके फेफड़ों तक फैल गया। साथ ही उन्होंने लोगों कैंसर का जारी इलाज जारी रखने के लिए पैसे दान करने की भी अपील की थीं। रिंकी ने बताया था कि कैसे दो सालों तक वो इस जंग से लड़ रही थीं। उन्होंने और उनके परिवार ने काफी कठिन समय का सामना किया।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 28 February 2024 at 18:55 IST