Diljit Dosanjh: OTT से 'सतलुज' हटी तो दिलजीत दोसांझ का फूटा गुस्सा, VIDEO जारी कर फैंस से की ये अपील

Diljit Dosanjh On Satluj: दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' फैंस को बहुत पसंद आ रही है। इसी बीच इस फिल्म को ओटीटी प्लेटफार्म से हटा दिया गया है। ऐसे में दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर फैंस से बातचीत की है और फिल्म से जुड़ी चीजों के बारे में खुलकर बताया है।

दिलजीत दोसांझ सतलुज | Image: Social Media

Diljit Dosanjh On Satluj Movie Removed From OTT:  दिलजीत दोसांझ की नई फिल्म 'सतलुज' इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है। करीब 4 सालों तक सेंसर बोर्ड (CBFC) के चक्कर काटने के बाद, यह फिल्म शुक्रवार को बिना किसी प्रमोशन के अचानक OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दी गई थी। लेकिन रिलीज के महज 48 घंटों के भीतर यानी रविवार शाम को ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।

अब अपनी फिल्म पर इस तरह ब्रेक लगने से दिलजीत दोसांझ नाराज हैं और उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अपना गुस्सा जाहिर करते हुए फैंस से एक खास अपील की है।

"फिल्म जनता तक पहुंच चुकी है, अब नहीं रुकेगी"

फिल्म के ZEE5 से हटने के बाद दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इस बात का अंदेशा पहले से ही था। दिलजीत ने कहा कि उन्हें पता था फिल्म बैन की जा सकती है, इसलिए उन्होंने रिलीज होते ही फैंस से इसे डाउनलोड करके रखने को कहा था। उन्हें लगा था कि सोमवार को दफ्तर खुलने पर बैन लगेगा, लेकिन यह रविवार शाम को ही हो गया।
फिल्म का कोई प्रमोशन इसलिए नहीं किया गया क्योंकि अगर दो दिन पहले भी किसी को भनक लग जाती, तो यह रिलीज ही नहीं हो पाती। फिल्म को बैन करने वालों पर तंज कसते हुए दिलजीत ने कहा, "जब आप व्हाट्सएप पर किसी को कुछ भेजते हैं, तो वह इंटरनेट से पूरी तरह डिलीट नहीं होता। इन्हें लगता है कि फिल्म गायब हो जाएगी। पता नहीं ये लोग भोले हैं या बेवकूफ।"
दिलजीत ने फैंस से अपील की है कि जिन लोगों ने फिल्म डाउनलोड कर ली है, वे इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक शेयर करें। अब यह फिल्म जनता की है और इसे रोका नहीं जा सकता।

दिलजीत ने खुशी जताई कि राजस्थान और कई अन्य जगहों पर लोग गुरुद्वारों में प्रोजेक्टर लगाकर यह फिल्म देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके और डायरेक्टर हनी त्रेहान की 4 साल की मेहनत सफल हो गई क्योंकि उनकी बात लोगों तक पहुंच चुकी है।

"पाइरेसी का समर्थन न करें"

एक तरफ जहां दिलजीत लोगों से फिल्म की डाउनलोडेड कॉपी शेयर करने को कह रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ZEE5 ने लोगों से पाइरेसी रोकने की अपील की है। सोमवार (6 जुलाई) को ZEE5 ने एक बयान जारी कर कहा की, "हम पूरी उम्मीद के साथ वो सब कर रहे हैं जो हम कर सकते हैं। कृपया पाइरेसी का समर्थन न करें। हम 'सतलुज' को आपके पास वापस लाने के लिए हर संभव रास्ते तलाशने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

उन्होंने एक पोस्टर भी शेयर किया जिसमें लिखा था, "हम 'सतलुज' को वापस लाने के लिए अपना काम कर रहे हैं। कृपया आप भी अपना फर्ज निभाएं और पाइरेसी का साथ न दें।"

फिल्म 'सतलुज' के बारे में जानें

यह कहानी 1995 की है। फिल्म में मशहूर मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन से प्रेरित है। इस फिल्म का नाम पहले 'पंजाब 95' रखा गया था। हनी त्रेहान द्वारा निर्देशित इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओल्यान जैसे शानदार कलाकार भी नजर आए हैं।

फिलहाल यह फिल्म भारत में किसी भी आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया और इंटरनेट पर इसकी डाउनलोडेड कॉपियां तेजी से वायरल हो रही हैं।

 

यह जरूर पढ़ें: Junaid Khan: 'मैं डेटिंग की सलाह उनसे नहीं लेता...' आमिर-गौरी की शादी के बीच वायरल हुआ बेटे जुनैद का पुराना बयान

 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 6 July 2026 at 17:45 IST