अपडेटेड 2 November 2024 at 23:24 IST

Delhi: फैशन डिजाइनर रोहित बल को अंतिम विदाई देने पहुंचे Arjun Rampal

मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल के अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड स्टार अर्जुन रामपाल नई दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट पहुंचे।

रोहित बल के अंतिम संस्कार में पहुंचे अर्जुन रामपाल | Image: IANS

Rohit Bal Funeral: मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल के अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड स्टार अर्जुन रामपाल नई दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट पहुंचे। रोहित बल की शुक्रवार रात दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। उनका अंतिम संस्कार आज पूरे विधि-विधान के साथ नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान बॉलीवुड स्टार अर्जुन रामपाल भी मौजूद थे। इसके साथ ही रोहित बल के दोस्त और उनके रिश्तेदार भी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।

भारतीय फैशन डिजाइनर की मौत की खबर से बॉलीवुड और फैशन इंडस्‍ट्री में शोक की लहर है। रोहित बल के कलेक्शन बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक में पसंद किए जाते थे। उनकी मौत पर कई मशहूर हस्तियों ने दुख जताया।

रोहित बल 63 साल के थे और पिछले कई साल से दिल से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे थे। साल 2010 में उनकी एंजियोप्लास्टी भी हुई थी। जानकारी के मुताबिक, बल का सफदरजंग एन्क्लेव के आश्लोक अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्हें दिल का दौरा पड़ा। डॉक्टरों ने उन्हें होश में लाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका।

भारत में फैशन सेंस को निखारने और संवारने का श्रेय बल को जाता है। खास कर मेन्स वेयर में वह एक क्रांति लेकर आए। रोहित का परिवार लंबे समय से दिल्ली में ही रह रहा था। हाल ही में बल ने अपने कलेक्शन 'कायनात' से फैशन जगत में धूम मचा दी थी।

उनके टैलेंट का लोहा बॉलीवुड ही नहीं हॉलीवुड भी मानता था। भारतीय संस्कृति को करीने से सहेजने और उसमें शालीनता का पुट बनाए रखने में माहिर थे बल। यही वजह है कि 1996 में टाइम पत्रिका ने उन्हें भारत का ‘मास्टर ऑफ फैब्रिक एंड फैंटेसी’ बताया था। रोहित बल को साल 2001 और 2004 में अंतर्राष्ट्रीय फैशन अवॉर्ड्स में ‘डिजाइनर ऑफ द ईयर’ चुना गया था। बल खुद ही कहते थे : "मैं हमेशा वही करता रहा जो मैं हूं और कभी भी वो नहीं किया जो बाकी लोग कर रहे थे। मेरे पास एक बहुत ही मजबूत और फोकस्ड डिजाइन फिलॉसफी है। और मैं उसको फॉलो करता हूं।" 

यह भी पढ़ें… गले में कमल की माला, माथे पर पीला टीका...पहली बार Kedarnath के दर्शन करने पहुंची Nushrratt Bharuccha

Published By : Sadhna Mishra

पब्लिश्ड 2 November 2024 at 23:24 IST