अपडेटेड 4 April 2025 at 23:33 IST
Comedian Russell Brand: मशहूर कॉमेडियन पर लगे रेप समेत कई गंभीर आरोप, इस दिन होगी कोर्ट में पेशी
Comedian Russell Brand: ब्रिटेन के कॉमेडियन और एक्टर रसेल ब्रांड पर बलात्कार और कई अन्य यौन अपराधों के आरोप लगाए गए हैं। 2 मई को कोर्ट में उनकी पेशी है।
Comedian Russell Brand: ब्रिटेन के कॉमेडियन और एक्टर रसेल ब्रांड पर बलात्कार और कई अन्य यौन अपराधों के आरोप लगाए गए हैं। लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि 49 साल के रसेल पर बलात्कार, अभद्र हमला और मौखिक बलात्कार के एक मामले के साथ-साथ यौन उत्पीड़न के दो मामलों में आरोप लगाया गया है। ये आरोप 1999 और 2005 के बीच चार महिलाओं से जुड़े कथित अपराधों से संबंधित हैं।
उनके खिलाफ 2023 में मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। रसेल ब्रांड इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं। हालांकि, अब उन्हें 2 मई को वेस्टमिंस्टर में मजिस्ट्रेट के सामने पेश होना होगा।
कॉमेडियन रसेल ब्रांड पर लगा रेप का आरोप
क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस के जसवंत नरवाल ने कहा, “हमने आज मेट्रोपॉलिटन पुलिस को रसेल ब्रांड पर कई यौन अपराधों के आरोप लगाने का आदेश दिया है। सितंबर 2023 में चैनल 4 डॉक्यूमेंट्री के ब्रॉडकास्ट के बाद लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद हमने सारे सबूतों की अच्छे से पड़ताल की और ये निष्कर्ष निकाला कि रसेल ब्रांड पर बलात्कार, यौन उत्पीड़न और अभद्र हमले सहित कई तरह के अपराधों के आरोप लगाए जाने चाहिए।”
हालांकि, रसेल ने फिर से आरोपों से इनकार कर दिया था। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि वह अतीत में नशेड़ी थे लेकिन कभी बलात्कारी नहीं थे। उन्होंने कहा कि वो ड्रग एडिक्ट, सेक्स एडिक्ट और मूर्ख थे लेकिन कभी बलात्कारी नहीं। उन्होंने कहा कि उनके रिश्ते हमेशा सहमति से बने हैं। उन्होंने कहा कि वो कोर्ट में इन आरोपों के खिलाफ लड़ेंगे।
रसेल ब्रांड पर इन महिलाओं ने लगाए आरोप
उन्होंने आग्रह किया कि "इस मामले से प्रभावित कोई भी व्यक्ति पुलिस से आकर बात करे जिसके पास कोई जानकारी है।" बता दें कि रसेल ब्रांड पर 1999 में इंग्लैंड के बोर्नमाउथ क्षेत्र में एक महिला के साथ बलात्कार और 2004 में लंदन के सेंट्रल वेस्टमिंस्टर क्षेत्र में एक महिला के साथ मौखिक बलात्कार और यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। उन पर 2001 में एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने और 2004 और 2005 के बीच एक अन्य महिला के साथ यौन उत्पीड़न करने का भी आरोप है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 4 April 2025 at 23:33 IST