'साल भर रहता है छठ महापर्व का इंतजार', उगते सूर्य को अर्घ्य देकर भावुक हुईं अक्षरा सिंह, युवाओं को दिया ये खास संदेश
छठ महापर्व के चौथे दिन अक्षरा सिंह ने पटना के मीनार घाट में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Akshara Singh: भोजपुरी सिनेमा की सिंगर और एक्ट्रेस अक्षरा सिंह छठ के रंग में रंगी नजर आईं। हर बार की तरह इस साल भी उन्होंने छठ पूजा पारंपरिक तरीके से मनाई। सोमवार को उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।
अक्षरा सिंह ने छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन पटना के दीघा स्थित मीनार घाट पर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धा भाव से प्रार्थना की और सुख-समृद्धि और कल्याण का आशीर्वाद मांगा। पीली साड़ी में पूजा करते उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उन्होंने कहा, 'छठ एकमात्र ऐसा महापर्व है जिसमें हम डूबते हुए सूर्य को भी अर्घ्य देते हैं और उगते हुए सूर्य को भी। हम इस पर्व का साल भर से इंतजार करते हैं।'
छठ महापर्व के समापन पर भावुक हुईं अक्षरा
भोजपुरी एक्ट्रेस ने कहा, 'चार दिनों का ये महापर्व अब समापन की ओर है। हम थोड़े भावुक हैं क्योंकि हम पूरे साल इस पर्व की तैयारी करते रहते हैं। यह चार दिन भाग-दौड़ में पता ही नहीं लगता है कि कैसे समय बीत गया। लेकिन बहुत अच्छा लग रहा है। छठी मैया सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।'
अक्षरा सिंह ने युवाओं को दिया संदेश
इस पावन मौके पर उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे अपनी परंपराओं से जुड़े रहें। छठ पूजा के बारे में जानें। इसका महत्व जानें और इसे मनाएं।
जब अक्षरा सिंह ने शुरू किया था छठ
साल 2024 में जब अक्षरा सिंह ने पहली बार छठ पूजा की शुरुआत की, तो उनका एक पोस्ट खूब चर्चा में रहा। इस पोस्ट के ज़रिए उन्होंने समाज के सामने एक बड़ा सवाल रखा था। अक्षरा ने पूछा था कि आखिर छठ का दउरा महिलाएं अपने सिर पर क्यों नहीं उठा सकतीं?
छठ का दउरा को लेकर उठाया था ये सवाल
उन्होंने इंस्टाग्राम अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, 'बनऽ न कवन देव कहरीया , दउरा घाटे पहुंचाय' ना जाने कितने साल से छठ का ये पारंपरिक गीत गाया जाता है और जब जब मैं इस गीत कि यह पंक्ति सुनती हूं तो मन में यह ख्याल आता है की जो महिला छठ पूजा के प्रत्येक रस्म को (खरना से समाप्ति तक) इतनी श्रद्धा और मेहनत से तीन दिन उपवास रखकर करती है, उसी महिला को अपने माथ पे दउरा उठाकर घाट जाने का रस्म क्यों नहीं है?'
'जिस घर में बेटा नहीं, वहां छठ नहीं हो सकता?'
एक्ट्रेस ने आगे लिखा था, 'क्यों कोई देव ही कंहरीया बने कोई दवी क्यों नहीं हो सकती? एक बेटी होने के नाते मेरी हथजोड़ी है की बदलते परिवेश में हमारा समाज इस पर विचार करे कि जिस घर में बेटा नहीं क्या वहां छठ नहीं हो सकता? और यह विचार इसलिए भी प्रबल हुआ क्योंकि मैं पहली बार छठ कर रही हूं। उसी महिला को अपने माथ पर दउरा उठाकर घाट जाने का रस्म क्यों नहीं है?'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 16 November 2026 at 09:44 IST