Alpha Movie Review: शरवरी के आगे फीकी पड़ी आलिया? ऋतिक की एंट्री ने मार ली बाजी; जानें कैसी है फिल्म

Alpha Movie Review In Hindi: आलिया और शरवरी की एक्शन फिल्म 'ऐल्फा' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी हैं। ऐसे में स्पाई यूनिवर्स की इस फिल्म को सोशल मीडिया कई तरह के रिएक्शन देखने को मिले हैं।

ऐल्फा मूवी रिव्यू | Image: Social Media

Alpha Movie Social Media Review: यशराज फिल्म्स (YRF) के स्पाई यूनिवर्स में अब तक हमने टाइगर, पठान और कबीर का जलवा देखा है। लेकिन इस बार 'ऐल्फा' के जरिए दो दमदार फीमेल जासूसों ने धांसू एंट्री मारी है। रिलीज से पहले आलिया भट्ट और इस फिल्म को लेकर काफी ट्रोलिंग हो रही थी, लेकिन सच कहें तो यह फिल्म एक बड़ा सरप्राइज पैकेज निकली है। तो चलिए जानते हैं कि यह फिल्म कैसी है।

कैसे बनती है एक 'अल्फा'?

फिल्म की कहानी 1999 के करगिल युद्ध के समय से शुरू होती है। कर्नल विक्रांत (अनिल कपूर) और फतेह सिंह (बॉबी देओल) एक सीक्रेट 'अल्फा सीरम' पर बात करते हैं। यह सीरम सैनिकों को बेहिसाब ताकत देने और उनके घाव तुरंत भरने के लिए बनाया गया है। इसी बीच विक्रांत की प्रेग्नेंट पत्नी की जान खतरे में होती है और विक्रांत उसे बचाने के लिए वह सीरम दे देता है। पत्नी की मौत हो जाती है, लेकिन उनकी बेटी 'सीता' (आलिया भट्ट) बच जाती है, जिसके अंदर सीरम का असर आ जाता है। फतेह सिंह मौका देखकर सीता को छीन लेता है, विक्रांत से झूठ बोलता है कि बच्ची मर गई, और सीता को छिपकर एक खतरनाक 'ऐल्फा' सैनिक बनाता है।

कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब फतेह खुद देश के खिलाफ काम करने लगता है। ऐसे में सीता को उसे रोकना होता है और इस मिशन में उसका साथ देने आती है एक और अल्फा, दुर्गा (शरवरी वाघ)।

कलाकारों की परफॉर्मेंस कैसी है?

  • आलिया भट्ट (सीता): आलिया ने अपनी एक्टिंग और एक्शन से उन सभी लोगों की बोलती बंद कर दी है जो उन्हें ट्रोल कर रहे थे। उन्होंने इस रोल में अपनी पूरी जान झोंक दी है।
  • शरवरी वाघ (दुर्गा): शरवरी फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज हैं। वह जितनी क्यूट लगती हैं, एक्शन करते हुए उतनी ही खतरनाक नजर आती हैं। उनका कॉन्फिडेंस देखने लायक है।
  • बॉबी देओल (फतेह): विलेन के रूप में बॉबी देओल का लुक शानदार है, लेकिन पूरी फिल्म में उनका जबरदस्ती हरियाणवी बोलना काफी अटपटा लगता है।
  • अनिल कपूर (विक्रांत): वह हमेशा की तरह अपनी दमदार एक्टिंग से कहानी को मजबूती देते हैं।
  • ऋतिक रोशन (कैमियो): कबीर के रूप में ऋतिक की एंट्री पर सिनेमाघरों में खूब सीटियां बजती हैं, हालांकि उनका रोल काफी छोटा है।
July 3, 2026

फिल्म की खासियत क्या हैं?

  • दमदार एक्शन और रफ्तार: फिल्म की कहानी बहुत तेजी से आगे बढ़ती है। हर थोड़ी देर में एक नया मिशन या ट्विस्ट आता है, जो आपको बोर नहीं होने देता।
  • नो मेलोड्रामा: डायरेक्टर शिव रवैल ने फिल्म को बहुत सीरियस रखा है। इसमें फालतू के लव एंगल, बिकनी शॉट्स या बेवजह के गाने नहीं हैं।
  • बेहतरीन विजुअल्स: फिल्म के एक्शन सीन्स, बैकग्राउंड म्यूजिक और कैमरा वर्क आपको बड़े पर्दे पर एक शानदार अनुभव देते हैं।
  • बाप-बेटी का इमोशन: स्पाई फिल्मों में सिर्फ एक्शन नहीं, बल्कि 'अल्फा' में बाप-बेटी के रिश्ते को भी बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है।

फिल्म की कमजोरियां क्या हैं?

फिल्म का सबसे बड़ा माइनस पॉइंट यह है कि आप कई ट्विस्ट का पहले ही अंदाजा लगा लेंगे। बॉबी देओल के किरदार की पिछली कहानी थोड़ी अजीब लगती है और उनका लहजा खटकता है। फिल्म में ऋतिक रोशन का एक सीन है जहां वो गोलियों को हाथ से पकड़कर वापस फेंकते हैं, जो देखने में काफी बचकाना लगता है। फिल्म में जो एक-दो गाने हैं, वो बिल्कुल याद नहीं रहते।

फिल्म देखें या नहीं?

अगर आप एक्शन, थ्रिलर और यशराज के स्पाई यूनिवर्स के फैन हैं, तो 'ऐल्फा' आपको बिल्कुल निराश नहीं करेगी। हालांकि कहानी में कुछ कमियां जरूर हैं, लेकिन आलिया और शरवरी की बेहतरीन जोड़ी और तेज रफ्तार स्क्रीनप्ले आपको अपनी सीट से बांधे रखता है। यह फिल्म पिछली कुछ स्पाई यूनिवर्स की फिल्मों से बेहतर है और इसे एक बार सिनेमाघर में जाकर जरूर देखा जा सकता है।

यह जरूर पढ़ें: Alpha Movie Scene: बिकिनी में आलिया भट्ट-शरवरी वाघ को देख फैंस को लगा 440 वोल्ट का झटका, सोशल मीडिया पर क्यों छिड़ी चर्चा?

 

 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 3 July 2026 at 22:51 IST