'आंधी रोके तो हम तूफान...' सरकार के नोटिस के बाद दिलजीत दोसांझ का क्रिप्टिक पोस्ट

तेलंगाना सरकार ने नोटिस में गायक को हैदराबाद में अपने लाइव शो के दौरान शराब, मादक पदार्थ और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गाने न गाने का निर्देश दिया था।

दिलजीत दोसांझ का पोस्ट | Image: Instagram

Diljit Dosanjh Hyderabad concert: लोकप्रिय गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने तेलंगाना सरकार से एक नोटिस मिलने के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर एक गूढ़ पोस्ट साझा की है। नोटिस में दोसांझ को हैदराबाद में अपने संगीत कार्यक्रम में शराब, मादक पदार्थ या हिंसा को बढ़ावा देने वाले कोई भी गीत नहीं गाने का निर्देश दिया गया है।

गायक ने अक्टूबर में दिल्ली से अपने दिल-लुमिनाटी दौरे के भारत चरण की शुरुआत की थी। वह शुक्रवार शाम को जीएमआर एरिना में प्रदर्शन करने वाले हैं।

दिलजीत ने किया ये पोस्ट

उन्होंने रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ में बाजीराव के युद्धघोष को उद्धृत करते हुए पोस्ट किया, “आंधी रोके तो हम तूफान... तूफान रोके तो हम आग का दरिया। दिल-लुमिनाटी टूर वर्ष 24।”

इस पोस्ट के साथ अभिनेता की ताज फलकनुमा पैलेस में संगीतकारों के एक समूह को सुनते हुए तस्वीरें भी थीं। उन्होंने गुरु पर्व से पहले गुरुद्वारे की अपनी यात्रा की कई तस्वीरें भी पोस्ट कीं।

तेलंगाना सरकार का दिलजीत को नोटिस

तेलंगाना सरकार ने बृहस्पतिवार को अपने नोटिस में गायक को हैदराबाद में अपने लाइव शो के दौरान शराब, मादक पदार्थ और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गाने न गाने का निर्देश दिया था।

नोटिस में गायक के अपने शो के दौरान मंच पर बच्चों को लाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, क्योंकि संगीत कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज और चमकती लाइटें बच्चों के लिए हानिकारक हैं।

यह नोटिस चंडीगढ़ के एक निवासी के प्रतिवेदन के बाद जारी किया गया और इसे महिला एवं बाल, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक कल्याण विभाग, रंगारेड्डी के जिला कल्याण अधिकारी द्वारा जारी किया गया।

यह भी पढ़ें: दिलजीत दोसांझ ने अनोखे अंदाज में किया देश के प्रति प्यार का इजहार, कहा- पगड़ी हमारी शान है

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 15 November 2024 at 23:33 IST