अपडेटेड 5 March 2026 at 21:13 IST

All Chill... ईरान-इजरायल जंग के बीच रैपर हनी सिंह के फैंस के लिए राहत भरी खबर, बताया कैसा है दुबई का हाल

Honey Singh In Dubai: हनी सिंह समेत कई लोगों ने ईरान-इजराइल तनाव से जुड़े अपडेट दिए हैं और मिडल ईस्ट का हाल सोशल मीडिया पर शेयर कर बताया है।

हनी सिंह ईरान-इजरायल | Image: Social Media

Iran Vs Israel Conflict: मिडल ईस्ट में हाल ही में बढ़े ईरान-इजरायल तनाव के कारण खाड़ी देशों में डर और अफवाहों का माहौल बन गया है। सैन्य हमलों और जवाबी कार्रवाई के बाद कई शहरों में धमाकों की खबरें आईं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ कई भारतीय सेलेब्रिटीज भी प्रभावित हुए। उड़ानों पर असर पड़ा और कई फ्लाइट्स रद्द या डायवर्ट करनी पड़ीं।

इसी बीच मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह ने दुबई से अपने फैंस को राहत भरी खबर दी है।

हनी सिंह ने क्या कहा?

हनी सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह एक रेस्टोरेंट में आराम से खाना खाते नजर आए। उन्होंने अफवाहों पर रोक लगाते हुए लिखा -
“दुबई में सब चिल है. सुपर सेफ. न्यूज में बेवकूफ अफवाहों पर विश्वास न करें.”

3 मार्च को उन्होंने दुबई के एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो से भी वीडियो शेयर किया था। वीडियो में वह अपनी टीम के साथ काम करते दिखे। कैप्शन में उन्होंने लिखा-
“हम दुबई में सेफ हैं गाइज, काम कर रहे हैं.”

उनके इस संदेश के बाद फैंस ने राहत की सांस ली।

मलाइका अरोड़ा की मां भी दुबई में फंसीं

तनाव के बीच दुबई में फंसे लोगों में अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा की मां जॉयस अरोड़ा भी शामिल हैं। वह अपनी बड़ी बहन का जन्मदिन मनाने दुबई गई थीं, लेकिन संघर्ष के कारण एयरलाइंस ने उड़ानें निलंबित कर दीं। उनकी 3 मार्च को मुंबई वापसी की योजना रद्द हो गई।

हालांकि जॉयस अरोड़ा ने बताया कि वह खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आसमान में मिसाइल इंटरसेप्शन भी देखा, जिसे उन्होंने डरावना तो बताया, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से भरोसेमंद भी कहा।

वह दिन में कई बार अपनी बेटियों मलाइका और अमृता से बात कर रही हैं। उनका कहना है,
“मेरी बेटियां जानती हैं कि मैं सुरक्षित हाथों में हूं.”

ईशा गुप्ता और सोनल चौहान सुरक्षित लौटीं भारत

दुबई और अबू धाबी में फंसीं अभिनेत्री ईशा गुप्ता और सोनल चौहान अब सुरक्षित भारत लौट आई हैं।

ईशा गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा -
“घर वापस आ गई हूं. आप सभी की प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद. सुरक्षित होना वाकई भगवान का आशीर्वाद है.”

क्यों बढ़ा तनाव?

28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई की थी। जवाब में ईरान ने भी मिडल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए। इन घटनाओं के बाद अबू धाबी, दुबई, कतर और कुवैत जैसे शहरों में धमाकों की खबरें सामने आईं।

सुरक्षा कारणों से कई एयरपोर्ट्स ने अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र बंद कर दिया, जिससे सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुईं। दैनिक जीवन भी कुछ समय के लिए बाधित रहा।

फिलहाल क्या है स्थिति?

हालांकि हालात तनावपूर्ण रहे, लेकिन दुबई में मौजूद भारतीय सेलेब्रिटीज के अनुसार स्थिति अब नियंत्रण में है और शहर में सामान्य गतिविधियां जारी हैं। हनी सिंह समेत कई लोगों ने साफ किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है और अफवाहों से बचना चाहिए। बता दें कि आने वाले दिनों में हनी सिंह इंडिया टूर करने जा रहे हैं।

 

यह जरूर पढ़ें: Arjun Tendulkar Wedding Photos: अर्जुन-सानिया की शादी में लगा फिल्मी सितारों का जमावड़ा, बच्चन से लेकर आशा भोसले तक हुए शामिल; देखें PHOTOS
 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 5 March 2026 at 21:13 IST