Toxic Song: यश और तारा सुतारिया स्टारर 'टॉक्सिक' का नया गाना 'मदहोश' रिलीज, 'तबाही' से भी एक कदम आगे; सोशल मीडिया पर लगाई आग, VIDEO
यश की फिल्म 'टॉक्सिक' का दूसरा गाना 'मदहोश' आउट हो गया है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। इसमें यश और तारा सुतारिया के बीच रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिल रही है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Toxic Song Madhosh: यश स्टारर मच अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' के 'तबाही' गाने के बाद अब दूसरा गाना 'मदहोश' रिलीज हो गया है। इस सॉन्ग में यश के साथ तारा सुतारिया नजर आ रही हैं। दोनों के बीच की केमिस्ट्री आग लगा रही है।
गौरतलब है कि फिल्म के पहले ट्रैक 'तबाही' में यश और कियारा आडवाणी की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा था। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अब 'मदहोश' गाने में यश और तारा सुतारिया के नए रोमांटिक अंदाज को दर्शकों के सामने लाया गया है। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री, रोमांस और बोल्डनेस इंटरनेट का पारा बढ़ा रही है।
'मदहोश' गाने में क्या?
इसमें तारा यश की गर्लफ्रेंड के रूप में दिखाई दीं। लेकिन स्टोरी इस तरफ इशारा कर रही है कि यश क साथ कई लड़कियों संग रिलेशन में हैं। शुरुआत में तारा यश से बेइंतहा प्यार करती दिखाई देती हैं। दोनों का बाथटब में रोमांस होता है। तारा यश से शादी की इच्छा भी जाहिर करती हैं। लेकिन बाद में टूटकर बिखरी और डरी नजर आईं।
कियारा-नयनतारा की भी झलक
गाने में जगह-जगह कियारा आडवाणी और नयनतारा की झलक भी देखने को मिलती है। जहां एक तरफ कियारा यश की ओर आकर्षित होकर उन्हें पसंद करने लगती हैं; वहीं दूसरी तरफ नयनतारा यश के साथ सिगरेट पीती हुई बेहद बोल्ड अंदाज़ में नजर आती हैं।
‘मदहोश’ को फैंस खूब कर रहे पसंद
इस गाने को सोशल मीडिया पर फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ''तबाही' के बाद 'मदहोश' गाना देखकर ऐसा लगता है जैसे ये अलग-अलग दौर की दो फिल्मों के गाने हों #Toxic', दूसरे यूजर ने लिखा, ''तबाही' और ये वाला, दोनों ही मास्टरस्ट्रोक हैं, जो किरदारों के बीच उत्सुकता पैदा करते हैं। लोग बात कर रहे हैं, हमें जो चाहिए था, वह मिल गया।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'प्रोडक्शन डिजाइन से लेकर कैमरा वर्क तक, सब कुछ बेहतरीन है। पहले 'तबाही' और अब 'मदहोश' से ये साबित हो गया है कि 'टॉक्सिक' को बड़े पर्दे के लिए ही बनाया गया है। यहां बनाया गया मूड और माहौल जबरदस्त है।'
कब रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’?
यश की मच अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' अगस्त 26 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसमें यश के अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम भूमिका में दिखेंगी। इसे कन्नड़ और अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का बजट लगभग 500 से 600 करोड़ बताया जा रहा है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 21 July 2026 at 14:59 IST