अपडेटेड 20 February 2024 at 11:21 IST

Rituraj Singh: कौन थे एक्टर ऋतुराज? थिएटर से की शुरुआत, इस फिल्म में निभाया वरुण धवन के पिता का रोल

Rituraj Singh Passes Away: ऋतुराज सिंह ने अपने करियर में कई दमदार रोल निभाए थे। उनका निधन फैंस के लिए बड़ी चौंकाने वाली खबर है।

Rituraj | Image: Instagram - riturajksingh

Rituraj Singh Passes Away: मशहूर एक्टर ऋतुराज सिंह का 59 की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 19 फरवरी को हार्ट अटैक के चलते दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

ऋतुराज सिंह ने अपने करियर में कई दमदार रोल निभाए थे। उनका निधन फैंस के लिए बड़ी चौंकाने वाली खबर है। वे लगातार सोशल मीडिया के जरिए दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उन्हें फिल्म ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ में वरुण धवन के पिता के रोल के लिए जाना जाता था।

कौन थे एक्टर ऋतुराज सिंह?

ऋतुराज सिंह का पूरा नाम ऋतुराज सिंह चंद्रावत सिसौदिया है। उनका जन्म राजस्थान के कोटा में एक सिसौदिया राजपूत परिवार में हुआ था। उन्होंने दिल्ली में अपनी स्कूल की पढ़ाई की। फिर वह कम उम्र में अमेरिका चले गए थे लेकिन 12 साल की उम्र में भारत वापस लौट आए। 1993 से वह मुंबई में ही रह रहे थे। 

उन्होंने 12 सालों तक बैरी जॉन के थिएटर एक्शन ग्रुप (TAG) के साथ दिल्ली में थिएटर किया। फिर उन्होंने लोकप्रिय टीवी गेम शो ‘तोल मोल के बोल’ में बतौर होस्ट अपना करियर शुरू किया था। इसके अलावा, वह ज्योति’, ‘हिटलर दीदी’, ‘शपथ’, ‘वॉरियर हाई’, ‘आहट’, ‘अदालत’, ‘अनुपमा’, ‘दीया और बाती हम’, ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ जैसे टीवी शो में भी काम कर चुके हैं। 

ऋतुराज सिंह ने इन फिल्मों में दिखाया अपना दम

बता दें कि ऋतुराज सिंह ने ना केवल टीवी शो में, बल्कि फिल्मों की दुनिया में भी अपने काम से सबको इंप्रेस कर दिया था। वह ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’, ‘यारियां 2’, ‘थुनिवू’, ‘सत्यमेव जयते 2’, ‘वश’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। साथ ही वह, कुणाल खेमू की वेब सीरीज ‘अभय’, ‘बंदिश बैंडिट’, ‘क्रिमिनल जस्टिस’, ‘मेड इन हैवन’, ‘नैवर किस यॉर बेस्टफ्रेंड’, ‘हे प्रभू’ और ‘द टेस्ट केस’ में भी अपने रोल के लिए मशहूर थे। 

कैसे हुआ ऋतुराज सिंह का निधन?

उनके करीबी दोस्त अमित बहल ने एक्टर के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने खुलासा किया कि वह पिछले कुछ समय से पैंक्रियाज से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। उनका अस्पताल में इलाज भी चल रहा था। इस बीच, उन्होंने दम तोड़ दिया।

(images- IMDb)

ये भी पढ़ेंः Actor Rituraj Singh Dies: जाने-माने एक्‍टर ऋतुराज सिंह का हार्ट अटैक से निधन; बॉलीवुड में शोक

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 20 February 2024 at 11:14 IST