अपडेटेड 10 October 2024 at 17:59 IST
'देश ने एक 'रत्न' खो...', अनुपम समेत बॉलीवुड के इन कलाकारों ने रतन टाटा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
बिजनेस टाइकून रतन टाटा के निधन से सिंगर से लेकर खिलाड़ी तक और नेता से लेकर अभिनेता तक हर कोई दुखी है। इस बीच बी-टाउन के कलाकारों ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी।
Bollywood Celebs on Ratan Tata Death: टाटा समूह के चेयरमैन और वरिष्ठ उद्योगपति रतन टाटा (Ratan Tata) 86 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए। रतन टाटा के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। हर कोई उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहा है। सिंगर (Singer) से लेकर खिलाड़ी (Players) तक और नेता (Politicians) से लेकर अभिनेता (Actors) तक हर कोई उनके जाने से दुखी है। इस बीच बी-टाउन के कई कलाकारों ने रतन टाटा को अंतिम श्रद्धांजलि दी है।
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का अंतिम संस्कार वर्ली श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ऐसे में उद्योग, खेल, सिनेमा और राजनीतिक जगत की कई हस्तियां भारी मन से रतन टाटा को अंतिम विदाई देने पहुंचे। इनमें गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक-चेयरपर्सन नीता अंबानी, आमिर खान समेत अन्य हस्तियां शामिल हैं। वहीं कई अन्य ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये भी रतन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
देश के लिए रतन टाटा का योगदान अमूल्य- आमिर खान
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान देश के 'अमूल्य रत्न' रतन टाटा को भारी मन से अंतिम विदाई देने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने टाटा समूह के चेयरमैन के निधन को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए दुखद दिन है। देश के लिए रतन टाटा का योगदान अमूल्य है। हम सभी उन्हें बहुत याद करेंगे।
देश ने एक 'रत्न' खो दिया- अनुपम खेर
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर अभिनेता अनुपम खेर ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा लगता था कि रतन टाटा हमेशा हमारे जीवन में और हमारे आने वाले जीवन में रहेंगे। आप कुछ लोगों से हमेशा नहीं मिलते लेकिन उनकी उपस्थिति देश के बुनियादी ढांचे, देश के माहौल, अच्छाई में महसूस होती है। आज मैं कहूंगा कि देश ने एक 'रत्न' खो दिया है जिनका नाम रतन टाटा था। मुझे उनसे कुछ साल पहले लंदन में मिलने का अवसर मिला था। उनका उद्योगपति होना कभी दिखाई नहीं दिया। हमेशा उनका दानशील स्वभाव नजर आता था। उनकी अच्छाई, उनकी दान की विरासत हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। वे अच्छाई के प्रतीक हैं, वे दक्षता के प्रतीक हैं, वे सिद्धांतों के प्रतीक हैं। वे हमें याद दिलाते हैं कि अगर हम उनकी तरह 10% भी बन पाए, तो हम खुद को सौभाग्यशाली मानेंगे।
अमिताभ बच्चन ने किया शोक व्यक्त
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
मुकेश अंबानी-नीता अंबानी ने दी अंतिम श्रद्धांजलि
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक-चेयरपर्सन नीता अंबानी ने भी मुंबई में रतन टाटा को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके चेहरे पर रतन टाटा के निधन का दुख देखने को मिला। रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी और पीरामल समूह के कार्यकारी निदेशक आनंद पीरामल ने भी रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी।
राजकिय सम्मान के साथ मुंबई में अंतिम विदाई
बता दें कि बिजनेस टाइकून रतन टाटा का अंतिम संस्कार मुंबई के वर्ली श्मशान घाट पर किया गया। पूरे राजकिय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 10 October 2024 at 17:52 IST