अपडेटेड 17 March 2026 at 13:40 IST
‘मोनालिसा को 35 टुकड़ों में नहीं पाना चाहते’, महाकुंभ वायरल गर्ल की शादी पर SC की वकील नाजिया का दावा, कहा- उसे सीरिया भेजने…
Monalisa Marriage: सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान ने मोनालिसा और फरमान की शादी को ‘गैर-कानूनी’ बताते हुए कहा कि ये एक तरह का ‘लव जिहाद’ है।
Monalisa Marriage: महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा भोसले की शादी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। जहां एक तरफ मोनालिसा के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दूसरी तरफ वो केरल में अपने पति फरमान खान के साथ हनीमून मना रही हैं। अब इस पूरे मामले पर सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान ने बड़ा दावा किया है।
नाजिया इलाही खान ने मोनालिसा और फरमान की शादी को ‘गैर-कानूनी’ बताते हुए कहा कि ये एक तरह का ‘लव जिहाद’ है। उन्होंने मध्य प्रदेश के खरगोन में मीडिया से बातचीत की। उनके साथ डायरेक्टर सनोज मिश्रा भी मौजूद थे। नाजिया ने कहा कि ‘वो मोनालिसा को 35 टुकड़ों में नहीं, बल्कि सही-सलामत जिंदा पाना चाहती हैं’।
मोनालिसा की शादी पर बोलीं SC की वकील
नाजिया ने आगे कहा कि “मोनालिसा और फरमान की शादी में हिंदू मैरिज एक्ट 1955 का उल्लंघन हुआ है। फरमान एक मुसलमान हैं जिन्होंने कहा था कि वो अपना धर्म नहीं बदलेंगे। तो एक मुसलमान कैसे हिंदू प्रथा से शादी कर सकता है। उसने अगर हिंदू मैरिज एक्ट से मंदिर में शादी की है, तो उसने कहां सबूत दिखाया है कि उसने हिंदुत्व को कबूल कर लिया है। वो अभी भी मुसलमान है, ऐसे में मंदिर में शादी करके उसने हिंदू विवाह परंपरा का अपमान और दुरुपयोग किया है। हिंदू धर्म को ठेस पहुंचाने और उसका दुरुपयोग करने का यह एक बड़ा अपराध है”।
मोनालिसा को सीरिया भेजने की तैयारी?
उन्होंने आगे ये भी आरोप लगाया कि “जबसे शरजील इमाम पैरोल पर बाहर आया है, ये सभी आतंकवादी संगठन सक्रिय हो गए हैं। मुझे लगता है कि अगर केरल सरकार इस तरह के लव जिहाद, इस तरह के अपराध और इस तरह के कट्टरपंथी इस्लामिस्टों का समर्थन कर रही है, तो हमारे देश की सुरक्षा एजेंसियों को काम करना चाहिए और जल्द से जल्द शरजील इमाम की पैरोल को कैंसिल करना चाहिए”।
नाजिया इलाही खान ने कहा कि NRC और CAA के खिलाफ शरजील इमाम द्वारा दी गई हर स्पीच के वीडियो में फरमान खान की प्रेजेंस का पता लगाना चाहिए। उन्होंने इस पूरी घटना में PFI की फंडिंग होने का शक जताया और इस मामले में राष्ट्रपति के हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने ये भी दावा किया कि सूत्रों से पता चला है कि मोनालिसा को सीरिया भेजा जा सकता है और फटाफट उसका पासपोर्ट बनवाया जा रहा है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 17 March 2026 at 13:40 IST