अपडेटेड 6 December 2025 at 11:58 IST
IndiGo Crisis: ‘उन पर मत चिल्लाओ, वो ड्यूटी कर रहे…’; इंडिगो के ग्राउंड स्टाफ से लड़ने वाले यात्रियों को सोनू सूद का मैसेज
Sonu Sood: बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने इंडिगो संकट के बीच एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो यात्रियों को समझा रहे हैं कि वो ग्राउंड स्टाफ से झगड़ा ना करें।
Sonu Sood: एयरलाइन कंपनी इंडिगो इस समय भारी संकट का सामना कर रही है। रोजाना इसकी सैंकड़ों फ्लाइट्स या तो रद्द या फिर घंटों-घंटों लेट हो रही हैं, जिसके चलते हजारों यात्रियों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। यात्रियों को कोई जवाब नहीं मिल रहा है। ऐसे में जगह-जगह से यात्रियों के ग्राउंड स्टाफ से झगड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे लोगों को अब बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने एक मैसेज दिया है।
सोनू सूद ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो बता रहे हैं कि कैसे खुद उनका परिवार भी एयरपोर्ट पर 5-6 घंटे तक इंतजार करता रहा, तब जाकर अपनी डेस्टिनेशन पर पहुंच पाया।
इंडिगो संकट के बीच सोनू सूद का मैसेज
अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस वीडियो को शेयर करते हुए सोनू सूद कैप्शन में लिखते हैं- “फ्लाइट्स में देरी होना निराशाजनक है, लेकिन उन चेहरों को याद रखें जो इसे ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं। प्लीज इंडिगो के स्टाफ के साथ अच्छा और विनम्र व्यवहार करें; कैंसिलेशन का बोझ भी उन्हें ही उठाना पड़ता है। आइए, उनका साथ दें।”
अब वीडियो में एक्टर कह रहे हैं कि कैसे फ्लाइट कैंसिल होने या लेट होने पर यात्री हताशा में आकर ग्राउंड स्टाफ पर चिल्ला रहे हैं। उन्होंने कहा- ‘पता है कि ऐसे समय में गुस्सा आता है, दुख होता है लेकिन उनकी जगह खुद को रखकर देखो। वो लोग खुद बेबस हैं। उन्हें खुद स्केड्यूल का नहीं पता। उनके पास जो ऊपर से मैसेज आते हैं, वो बस नीचे यात्रियों को पास कर देते हैं’।
‘ग्राउंड स्टाफ केवल अपनी ड्यूटी कर रहा’
सोनू सूद ने अपने वीडियो में आगे कहा कि ‘ये जो ग्राउंड स्टाफ के साथ लड़ाई हो रही है, ये गलत है। सर्विस इंडस्ट्री का ये स्टाफ हमारा काफी ध्यान रखता है। उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती है। इन-फ्लाइट क्रू हो या ग्राउंड स्टाफ, हमारी जिम्मेदारी बनती है कि मुश्किल में उनका साथ दें। इसमें उनकी गलती नहीं है, बहुत सारे सिस्टम के कारण देरी हो रही है’।
एक्टर ने अंत में कहा कि ‘जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें स्टाफ पर रिएक्ट नहीं करना चाहिए क्योंकि वो खुद मजबूर हैं और उनके पास कोई जवाब नहीं है। वो लोग घर से निकलकर अपनी ड्यूटी करने आ रहे हैं। हमें अपना गुस्सा कंट्रोल करना चाहिए और उनसे वैसे ही स्माइल के साथ मिलना चाहिए जैसे वो हमसे मिलते हैं’।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 6 December 2025 at 11:58 IST