Shreyas Talpade: लाखों रुपये के फ्रॉड केस में आया श्रेयस तलपड़े का नाम, यूपी में केस दर्ज, निवेश की आड़ में ठगी का आरोप
Shreyas Talpade: उत्तर प्रदेश के भोगांव पुलिस ने बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े और 12 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये पूरा मामला एक कथित निवेश घोटाले से जुड़ा है।
Shreyas Talpade: उत्तर प्रदेश के भोगांव पुलिस ने बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े और 12 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये पूरा मामला एक कथित निवेश घोटाले से जुड़ा है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, श्रेयस तलपड़े के ऊपर निवेश की आड़ में लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लग रहा है।
एएनआई की माने तो, मोहल्ला मिश्राना के एक निवासी द्वारा श्रेयस और उनके सहयोगियों पर निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था जिसके बाद मंगलवार, 10 फरवरी को मामला दर्ज किया गया।
श्रेयस तलपड़े पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
शिकायत के अनुसार, 'गोलमाल' एक्टर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मोहल्ले मिश्राना में मुंबई बैंक की एक ब्रांच में निवेश योजना यानि इन्वेस्टमेंट स्कीम के बहाने ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी की है। उन्होंने कथित तौर पर बैंक की ब्रांच खोलने और उसमें निवेश करने के लिए कई गांववालों से पैसे लिए थे लेकिन बाद में पता चला कि ये बैंक ही फर्जी है। अब कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले भी धोखाधड़ी मामलों में फंस चुके हैं श्रेयस तलपड़े
आपको बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब श्रेयस तलपड़े किसी धोखाधड़ी के केस में फंसे हैं। पिछले साल श्रेयस और आलोक नाथ समेत 22 अन्य लोगों पर लोनी अर्बन मल्टी-स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। एएनआई के अनुसार, बागपत निवासी बबली की शिकायत पर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था। श्रेयस और आलोक इस सोसाइटी के ब्रांड एंबेसडर थे।
वर्क फ्रंट की बात करें तो, श्रेयस तलपड़े को अगली बार 'द गेम ऑफ गिरगिट' और 'वेलकम टू द जंगल' जैसी फिल्मों में देखा जाएगा। ये दोनों ही फिल्में इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 11 February 2026 at 12:51 IST