Eetha Teaser Release: मंच पर प्रसव पीड़ा और आंखों में जिद्द, श्रद्धा कपूर की 'ईथा' का टीजर रिलीज होते ही इंटरनेट पर मचा गदर
Eetha Teaser Release: श्रद्धा कपूर की मोस्ट अपकमिंग फिल्म 'ईथा' का टीजर रिलीज हो गया है। यूट्यूब पर इस ट्रेलर के आते ही गदर मच गया है। फिल्म में एक्ट्रेस मंच पर तूफान बनकर उतरी हैं, उनकी शानदार परफॉर्मेंस सभी को हैरान कर रही है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Eetha Teaser Release: श्रद्धा कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'ईथा' का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया है। इसके सामने आते ही यह इंटरनेट पर छा गया है। इस टीजर को देखकर दर्शक अपनी नजरें नहीं हटा पा रहे हैं और श्रद्धा कपूर का यह अवतार वाकई रोंगटे खड़े कर देने वाला है। अभिनय के मामले में इसे श्रद्धा की अब तक की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस माना जा रहा है।
टीजर में दिखा मां बनने का दर्द और नाचने का जुनून
फिल्म 'ईथा' के टीजर की शुरुआत एक तमाशा मंडली के सीन्स से होती है, जहां कई पुरुष टिकट लेकर स्टेज के सामने जमा होते हैं और ईथा को देखने की मांग करते हैं। टीजर में दिखाया गया है कि ईथा गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है। जब उसे सलाह दी जाती है कि इस स्थिति में मंच पर जाना खतरनाक हो सकता है, तो ईथा दृढ़ता के साथ कहती है कि घर में पड़े-पड़े मरने से बेहतर है कि नाचते हुए मरकर एक मिसाल बन जाऊं। टीजर में श्रद्धा का लाजवाब नृत्य और उनकी नजाकत वाकई दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाली दिख रही है। फिल्म का एक खास डायलॉग भी चर्चा में है, जिसमें कहा गया है कि पान में मिठास और नाचते हुए तूफान को देखना हो तो ईथा को देखें।
विठाबाई नारायणगावकर पर आधारित फिल्म
यह फिल्म प्रसिद्ध मराठी तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगावकर के लाइफ के स्ट्रगल पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उत्तेकर कर रहे हैं और इसे दिनेश विज्जन की मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनाया जा रहा है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के अलावा रणदीप हुड्डा और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
मैडॉक फिल्म्स के साथ श्रद्धा कपूर का यह तीसरा बड़ा सहयोग है। इससे पहले श्रद्धा ने इस प्रोडक्शन हाउस के साथ 'स्त्री' और 'स्त्री 2' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है। विशेष रूप से 'स्त्री 2' ने वर्ल्डवाइड 880 करोड़ रुपये की भारी कमाई कर इतिहास रचा था। फैंस को 'ईथा' से भी उसी स्तर की सफलता की उम्मीद नजर आ रही है।
दो साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी
बता दें कि यह टीजर सबसे पहले 'कॉकटेल 2' के साथ थिएटर में दिखाया गया था, जिसे देखने के बाद से ही फैंस इसे सोशल मीडिया पर रिलीज करने की मांग कर रहे थे। श्रद्धा कपूर 2 साल के लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। इससे पहले उनकी आखिरी फिल्म 'स्त्री 2' साल 2024 में आई थी, जिसके बाद से दर्शक उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 23 June 2026 at 17:24 IST