Shraddha Kapoor: बैकस्टेज डिलीवरी और तुरंत बाद स्टेज पर डांस, कौन थीं विठाबाई? जिनका किरदार अब पर्दे पर निभाएंगी श्रद्धा कपूर
Who Was Vithabai Narayangaonkar: एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईथा' के टीजर के रिलीज होते ही यह सवाल आपके मन भी आया होगा कि आखिर विठाबाई नारायणगांवकर कौन हैं? तो इस आर्टिकल में हम आपको बताने वाले हैं उनके जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Shraddha Kapoor As Vithabai Narayangaonkar: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर अपनी आने वाली फिल्म 'ईथा' को लेकर इन दिनों खूब चर्चा में हैं। इस बायोग्राफिकल फिल्म में श्रद्धा महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में फिल्म से श्रद्धा का फर्स्ट लुक सामने आया है, जिसे फैंस का खूब प्यार मिल रहा है।
इस फिल्म में विठाबाई के 1940 से लेकर 1990 तक के सफर, उनके कड़े संघर्ष और सफलता की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। तो चलिए जानते हैं कि आखिर विठाबाई कौन थीं और उनकी जिंदगी से जुड़ी वह कौन सी घटना है जो सबको हैरान कर देती है।
कौन थीं विठाबाई नारायणगांवकर?
विठाबाई महाराष्ट्र की एक बेहद मशहूर लोक गायिका, लावणी डांसर और तमाशा कलाकार थीं। उनके शानदार काम की वजह से लोग उन्हें प्यार से 'तमाशा सम्राज्ञी' बुलाते थे।
उनका जन्म 1 जुलाई 1935 को महाराष्ट्र के पंढरपूर में एक गरीब दलित कलाकार परिवार में हुआ था। उनके पिता भाऊ बापू नारायणगांवकर खुद एक तमाशा मंडली चलाया करते थे। विठाबाई ने बिना किसी खास ट्रेनिंग के महज़ 10 साल की उम्र में स्टेज पर परफॉर्म करना शुरू कर दिया था। वह लावणी, गवलन और भेदिक जैसे लोकगीतों पर गाने और नाचने में माहिर थीं। 15 जनवरी 2002 को विठाबाई ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।
स्टेज के पीछे डिलीवरी और फिर से डांस
विठाबाई की कला के प्रति दीवानगी का एक ऐसा किस्सा है, जिस पर यकीन करना मुश्किल लगता है। एक बार जब वह 9 महीने की गर्भवती थीं, तब एक लाइव शो के दौरान उन्हें स्टेज पर ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
वह तुरंत स्टेज के पीछे गईं और वहीं एक बच्चे को जन्म दिया। उन्होंने एक पत्थर की मदद से खुद ही गर्भनाल काटी। लेकिन सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह थी कि डिलीवरी के कुछ ही देर बाद वह वापस स्टेज पर लौटीं और अपना डांस फिर से शुरू कर दिया।
सम्मान और पुरस्कार
कला के क्षेत्र में उनके इस बेहतरीन योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया। उनकी शानदार कला के लिए उन्हें साल 1957 और 1990 में भारत के राष्ट्रपति द्वारा पदक देकर सम्मानित किया गया था। महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें सम्मान देने के लिए साल 2006 से उनके नाम पर 'विठाबाई नारायणगांवकर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' की शुरुआत की।
फिल्म 'ईथा' के बारे में कुछ खास बातें
यह फिल्म 28 अगस्त, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं और इसे दिनेश विजान ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 24 June 2026 at 21:30 IST