सर्जरी से ठीक पहले दर्द में दिखे शरत सक्सेना, अस्पताल से शेयर कीं PHOTOS; चेहरे पर दिखी तकलीफ
शरत सक्सेना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर सर्जरी से ठीक पहले की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। एक्टर की इन तस्वीरों को देखकर फैंस चिंता में पड़ गए हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Sharat Saxena: बॉलीवुड में विलेन किरदार निभाने वाले शरत सक्सेना अपनी सेहत को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं जिसमें वे लम्बर स्पाइन यानी कमर की हड्डी की सर्जरी से ठीक पहले बॉम्बे हॉस्पिटल में खड़े होकर MRI करवाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके चेहरे पर दर्द और तकलीफ साफ देखी जा सकती है।
शरत सक्सेना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कुल चार तस्वीरों को शेयर किया है। इसमें उनके चेहरे के हाव-भाव सबकुछ बयां कर रहे हैं। MRI रूम से इन तस्वीरों को देखने के बाद फैंस चिंता में पड़ गए हैं।
उम्मीद है फिर से ठीक से चल पाऊंगा- शरत
एक्टर ने इन तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा है, 'बॉम्बे हॉस्पिटल में लम्बर स्पाइन सर्जरी से पहले स्टैंडिंग MRI।' लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। शरत सक्सेना ने भी अपने शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, 'आप सभी का धन्यवाद जिन्होंने मुझे शुभकामनाएं दीं। मुझे उम्मीद है कि मैं फिर से ठीक से चल पाऊंगा और काम कर पाऊंगा। आप सभी का शुक्रिया।'
'बेनाम' से की करियर की शुरुआत
शरत सक्सेना ने 1974 में अभिताभ बच्चन की फिल्म 'बेनाम' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'दिल दीवाना', 'काला पत्थर' जैसी तमाम फिल्मों में काम किया। साथ ही साउथ और पंजाबी फिल्मों से भी ऑफर मिलते रहे। उन्होंने अपने करीब 4 दशक के करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।
फिटनेस के लिए जाने जाते हैं एक्टर
इसके अलावा 76 साल के शरत सक्सेना अपनी फिटनेस के लिए जाने जाते हैं। जिम में वर्कआउट की उनकी तस्वीरें आते ही वायरल हो जाती हैं। इन सबके बीच, हाल ही में उन्हें छड़ी के सहारे चलते देखा गया, जिससे फैंस परेशान हो गए थे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 10 September 2026 at 14:04 IST