Salim Khan Hospitalized: अचानक सलीम खान की बिगड़ी तबीयत, मुंबई के लीलावती अस्पताल में कराया भर्ती
Salim Khan Hospitalized: सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खान परिवार में इस समय टेंशन का माहौल बना हुआ है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Salim Khan Hospitalized: मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के पिता और दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। 90 साल की उम्र में उन्हें ICU में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। परिवार की ओर से फिलहाल उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। परिवार के सभी लोग जल्दबाजी में उनसे मिलने के लिए अस्पताल की ओर भागते हुए जा रहे हैं। इस दौरान के वीडियोज भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं।
अचानक बिगड़ी सलीम खान की तबीयत
मीडिया रिपोर्ट्स और न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल ले जाया गया है। वहां पर डॉक्टरों ने एहतियातन उन्हें ICU वार्ड में भर्ती किया है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उनकी तबीयत किस वजह से खराब हुई है।
देखने पहुंचा परिवार
पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही सलमान खान अस्पताल पहुंचे। कुछ समय बाद बेटी अलवीरा खान अग्निहोत्री को भी हॉस्पिटल के बाहर जल्दबाजी में अंदर जाते देखा गया। उनके साथ दामाद आयुष शर्मा भी नजर आए। बताया जा रहा है कि परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।
हाल ही में मनाया था 90वां जन्मदिन
सलीम खान ने नवंबर 2025 में अपना 90वां जन्मदिन परिवार के साथ मनाया था। इस खास मौके पर पूरा खान परिवार एक साथ नजर आया था। हाल के महीनों में भी उन्हें कई बार कई बड़े इवेंट में भी देखा गया है।
सलीम खान का शानदार करियर
सलीम खान हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक्टिंग से की थी, लेकिन असली पहचान उन्हें लेखन के क्षेत्र में मिली। जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी ने 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड को नई दिशा दी। दोनों ने मिलकर शोले, जंजीर, दीवार, डॉन, त्रिशूल, शक्ति, मिस्टर इंडिया, हाथी मेरे साथी, सीता और गीता, यादों की बारात और काला पत्थर जैसी कई यादगार फिल्मों की कहानी और संवाद लिखे। उनकी लिखी 24 फिल्मों में से 20 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुईं ।
सलीम खान पर्सनल लाइफ
सलीम खान ने साल 1964 में सलमा खान से शादी की थी। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनका नाम सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान अग्निहोत्री है। बाद में साल 1981 में उन्होंने एक्ट्रेस हेलेन से दूसरी शादी कर ली थी। परिवार ने अर्पिता खान को गोद लिया था।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 17 February 2026 at 16:04 IST