अपडेटेड 4 March 2026 at 18:47 IST
Rajshri Deshpande: ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रहीं ‘सेक्रेड गेम्स' की ये एक्ट्रेस, अस्पताल से शेयर की फोटो, बोलीं- पैरेंट्स को बताने की हिम्मत…
Rajshri Deshpande: राजश्री देशपांडे ने अस्पताल के बेड से अपनी एक फोटो शेयर करते हुए फैंस को जानकारी दी कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। वो फिलहाल रिकवर कर रही हैं।
Rajshri Deshpande: होली के दिन फिल्म इंडस्ट्री से बड़ी दुखद खबर सामने आई है। ‘सेक्रेड गेम्स' और 'ट्रायल बाय फायर' जैसी वेब सीरीज से लोगों का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस राजश्री देशपांडे ने बुधवार को खुलासा किया है कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। ये कैंसर अर्ली स्टेज पर है जिसकी अब सर्जरी हो चुकी है।
राजश्री देशपांडे ने अस्पताल के बेड से अपनी एक फोटो शेयर करते हुए फैंस को इसकी जानकारी दी है। वो फिलहाल रिकवर कर रही हैं। उन्होंने लिखा कि अगर वो ये पोस्ट कर रही हैं तो इसका मतलब है कि उन्होंने अपने पैरेंट्स को इसके बारे में बताने की हिम्मत जुटा ली है।
एक्ट्रेस राजश्री देशपांडे को हुआ ब्रेस्ट कैंसर
राजश्री देशपांडे ने मुस्कुराते हुए पोज दिया। उनका हौसला वाकई काबिल-ए-तारीफ था। इसके साथ उन्होंने लिखा- ‘आप यह पढ़ रहे हैं, इसका मतलब है कि आखिरकार मैंने अपने पैरेंट्स को बताने की हिम्मत जुटा ली है कि मुझे इनफिल्ट्रेटिंग डक्टल कार्सिनोमा (NOS), ग्रेड 1 ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। अब आप सभी को भी बताने का समय आ गया है’।
‘दुनिया का सामना करने के लिए तैयार हूं’
उन्होंने आगे लिखा- ‘सौभाग्य से रुटीन चेकअप में ही इसका पता चल गया था, जिससे हमें लड़ने का मौका मिला। ढेरों टेस्ट और सर्जरी किसी रोलरकोस्टर राइड से कम नहीं थी लेकिन यकीन मानिए, आप सभी के प्यार ने ही मुझे इस मुश्किल दौर से बाहर निकाला। सर्जरी के बाद अपनी आई और पापा के चेहरे देखकर मेरा डर पिघल गया और अटूट ताकत में बदल गया। आप सभी के सपोर्ट से, मैं दुनिया का सामना करने के लिए तैयार हूं’।
राजश्री ने आगे लिखा कि वो रीकवर कर रही हैं और जल्द ही अस्पताल से घर चली जाएंगी। उन्होंने उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों का भी धन्यवाद किया है। एक अन्य पोस्ट में एक्ट्रेस ने ये भी लिखा कि वो ब्रेस्ट कैंसर को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए भी काम करेंगी।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 4 March 2026 at 18:47 IST