अपडेटेड 28 February 2026 at 09:18 IST

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में नेपाल से जुड़ा तार, ATM ट्रांजैक्शन से शूटर्स को किया गया था पेमेंट; मुंबई क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा

डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले की जांच में पता चला है कि शूटर्स को ATM ट्रांजैक्शन से पेमेंट किया गया था। नेपाल से फंडिंग के भी सुराग मिले हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा किया है।

Follow :  
×

Share


रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में नेपाल से जुड़ा तार | Image: ANI, Instagram

फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले की जांच मुंबई की क्राइम ब्रांच कर रही है। जैसे-जैसे केस की जांच आगे बढ़ रही है,चौकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच एजेंसियों को संकेत मिले हैं कि यह मामला केवल स्थानीय नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय और संभावित रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़ा हुआ हो सकता है। जांच में नेपाल कनेक्शन के भी संकेत मिले है।

रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले की जांच में पता चला है कि शूटर्स को ATM ट्रांजैक्शन से पेमेंट किया गया था। नेपाल से फंडिंग के भी सुराग मिले हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने फाइनेंशियल नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैंक रिकॉर्ड मांगे हैं, जबकि स्पेशल पुलिस टीम साजिश के पीछे के मकसद और इंटरनेशनल लिंक की जांच कर रही हैं।

शूटर्स को ATM ट्रांजैक्शन से किया गया था पेमेंट 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, फायरिंग को अंजाम देने वाले आरोपियों के बैंक खातों में पैसे सीधे जमा कराए गए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शूटर्स को रकम अलग-अलग ATM के माध्यम से बारी-बारी डाली गई। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इन लेन-देन के पीछे कौन है और पैसे जमा कराने वाले व्यक्ति कौन था।

जांच में यह भी बड़ा खुलासा हुआ है कि फायरिंग के लिए आरोपियों को कुल 3 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। इसमें से 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर शूटर्स को दिए गए थे। यह रकम दीपक शर्मा, सोनू कुमार और सनी कुमार को मिली थी, जिन्होंने कथित तौर पर फायरिंग को अंजाम दिया।

जांच में नेपाल कनेक्शन के भी संकेत

इस मामले में नेपाल कनेक्शन भी सामने आया है। क्राइम ब्रांच को संदेह है कि फंडिंग किसी संगठित अपराध नेटवर्क के जरिए की गई, जिसमें आगरा मॉड्यूल से जुड़े आरोपियों को मिली रकम के तार नेपाल से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस एंगल को बेहद गंभीरता से ले रही है। नेपाल कनेक्शन की आशंका के चलते सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी

मुंबई पुलिस ने मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छह आरोपियों में से चार हरियाणा से और दो उत्तर प्रदेश से है। वारदात में इस्तेमाल किया गया अत्याधुनिक हथियार भी बरामद कर लिया गया है। हथियार हरियाणा से गिरफ्तार मुख्य आरोपी की निशानदेही पर जब्त किया गया।

रोहित शेट्टी के घर पर क्या हुआ था?

यह घटना  31 जनवरी और 1 फरवरी की दरमियानी रात  करीब 12:45 बजे की है। उस समय रोहित शेट्टी अपने जुहू स्थित घर शेट्टी टॉवर में मौजूद थे। तभी एक अनजान शख्स ने बिल्डिंग की ओर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही सुरक्षा गार्ड और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि काले जैकेट और सफेद पैंट पहने एक आरोपी ने पिस्टल से लगातार 5 राउंड फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गया।

यह भी पढ़ें: इन 2 अधूरी ख्‍वाहिशों के साथ रिंकू सिंह के पिता ने दुनिया को कहा अलविदा

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 28 February 2026 at 09:18 IST