EXCLUSIVE/ अनिल कपूर ने खोला 'मिस्टर इंडिया' की ऐतिहासिक सफलता का राज, बताया क्यों आज भी दर्शकों के दिल के करीब है यह फिल्म
Republic Summit 2026 Anil Kapoor: अनिल कपूर ने 'रिपब्लिक समिट 2026' में अपनी सदाबहार फिल्म 'मिस्टर इंडिया' की सफलता के पीछे के रहस्यों को साझा किया। आइए जानते हैं कि उन्होंने किन खास बातों को शेयर किया।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Republic Summit 2026 Anil Kapoor: दिल्ली के मशहूर ताज होटल में आयोजित 'रिपब्लिक समिट 2026' में सोमवार, 22 जून को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपनी आइकॉनिक फिल्म 'मिस्टर इंडिया' की सफलता, उसके पीछे की अनसुनी कहानियों और दर्शकों के साथ उसके गहरे जुड़ाव पर खुलकर बात की। उन्होंने अपने दशकों लंबे करियर के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कैसे एक फिल्म को कालजयी बनाया जाता है। आइए जानते हैं कि उन्होंने 'रिपब्लिक' के मंच पर अपनी इस सदाबहार फिल्म के बारे में क्या खास बातें साझा कीं।
समय की कसौटी पर खरी उतरी फिल्म
अनिल कपूर का मानना है कि 'मिस्टर इंडिया' ने समय की परीक्षा को बखूबी पास किया है। आज भी जब दर्शक इस फिल्म को देखते हैं, तो उन्हें हर बार कुछ नया देखने को मिलता है। इस बारे में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि एक तरह से 'मिस्टर इंडिया' समय की कसौटी पर खरी उतरी है। कुछ लोग इसे कल्ट फिल्म कहते हैं, और मुझे लगता है कि इसकी वजह यह है कि यह फिल्म हर उम्र और हर दौर में फेमस बनी हुई है। जब भी लोग इस फिल्म को देखते हैं, तो उन्हें हर बार कुछ नया देखने को मिलता है।"
'मिस्टर इंडिया' का आम इंसान से जुड़ाव
फिल्म की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण मुख्य किरदार का एक सामान्य इंसान होना है। अनिल कपूर ने बताया कि दर्शक उन किरदारों से जल्दी जुड़ते हैं जो विनम्र और निस्वार्थ होते हैं। उन्होंने कहा, "मिस्टर इंडिया का किरदार एक ऐसे आम आदमी का था जिसका दिल बहुत बड़ा था। वह वास्तव में कोई सुपरहीरो नहीं था, क्योंकि मेरा मानना है कि लोग उन लोगों से जल्दी जुड़ते हैं जो संवेदनशील, विनम्र, मासूम होते हैं और जो खुद से पहले दूसरों के बारे में सोचते हैं और निस्वार्थ होते हैं। मुझे लगता है कि मिस्टर इंडिया फिल्म और उसका किरदार इसी बारे में है। एक बड़ा हीरो वह है जो अपने देश और देशवासियों के बारे में सोचता है, जो उनकी मदद करना चाहता है, और इसी तरह वह एक बड़ा हीरो बन जाता है।"
महान टीम और आइकॉनिक किरदारों का जादू
अनिल कपूर ने इस सफलता का पूरा श्रेय फिल्म से जुड़ी पूरी टीम और उन सभी किरदारों को दिया जिन्होंने इसे यादगार बना दिया। उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि यही वह चीज है जिसने लोगों को इस किरदार से जोड़ा। बेशक, मिस्टर इंडिया फिल्म इन लोगों के बिना संभव नहीं होती, अमरीश पुरी साहब का बेहतरीन अभिनय, महान श्रीदेवी जी, शेखर कपूर साहब जिन्होंने फिल्म निर्देशित की, मेरे पिता, मेरे भाई जिन्होंने फिल्म प्रोड्यूस की, जावेद अख्तर साहब जिन्होंने पटकथा और संवाद लिखे, और सलीम साहब जिन्होंने स्क्रिप्ट लिखी। उन्होंने जो भी किरदार रचे, न केवल मिस्टर इंडिया, बल्कि हवा हवाई, मोगैम्बो, तेजा, डागा, वे सभी यादगार (आइकॉनिक) बन गए और उनके संवाद आज भी याद किए जाते हैं। तो मुझे लगता है कि यह एक बहुत ही ईमानदार और सच्चे दिल से बनाई गई फिल्म थी।"
Presented By: RP-संजीव गोयनका ग्रुप | Co-Presented By: ZOHO और TVS मोटर कंपनी | Powered By: सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी | Co-Powered By: कल्याणी, सैमटेल एवियोनिक्स, रविन ग्रुप और मेघाश्रे | State Partners: UP सरकार, हरियाणा सरकार, आंध्र प्रदेश सरकार, उत्तराखंड सरकार और असम सरकार | Housing Partner: गौर्स | Prayer Partner: साइकिल अगरबत्ती | Skincare Partner: डॉ. राशेल | Knowledge Partner: शारदा यूनिवर्सिटी | Stainless Partner: JSL | Vision Partner: एल्कोन | Special Partners: संस्कृति यूनिवर्सिटी, गैलेंट, पान बहार, कृष्णाज आयुर्वेद, बैकबे, वाघ बकरी, फर्नस एन पेटल्स, नंदिनी और मैसूर सैंडल्स
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 22 June 2026 at 21:40 IST