अपडेटेड 26 January 2023 at 06:50 IST
Republic Day Special: देशभक्ति पर आधारित ये हैं बॉलीवुड के 10 शानदार गीत, जिन्हें इस गणतंत्र दिवस करें अपनी प्ले लिस्ट में शामिल
गणतंत्र दिवस के मौके पर आज हम आपको बॉलीवुड इतिहास के बेस्ट देशभक्ति सॉन्ग्स के बारे में बता रहे हैं, जो आपकी प्लेलिस्ट में जरूर शामिल होने चाहिए।
Republic Day 2023 Songs : आज पूरे देश में 74वां गणतंत्र दिवस बहुत धूमधाम से मनाया जा रहा है। सन 1950 में इसी दिन भारत के संविधान को लागू किया गया था। यह दिन भारत के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि भारत को विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान होने का गौरव भी प्राप्त है।
यूं तो हर हिंदुस्तानी की रगों में देशभक्ति का जलवा और जोश कूट-कूटकर भरा हुआ है, लेकिन गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रा दिवस के मौके पर हर देशवासी का यह जोश उबलकर बाहर आता नज़र आता है। इस अवसर पर देश के गणतंत्र होने का जश्न तो मनाया ही जाता है, साथ ही देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को भी याद किया जाता है।
अक्सर देखा जाता है कि कोई भी फिल्मी गाना क्यों ना हो, उसकी लोकप्रियता कुछ दिन या महीनों से ज्यादा नहीं रहती है। लेकिन जब बात देशभक्ति गीतों की आती है, तो कई दशक पहले आया गाना भी हमें पुराना नहीं लगता। आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर हम आपको कुछ ऐसे देशभक्ति गीत सुनाएंगे, जिन्हें सुनते ही आपके रोम-रोम में वतन के वास्ते मर मिटने की भावना जागृत हो जाएगी-
1. ऐ मेरे वतन के लोगों
देशभक्ति गीतों की जब भी बात आती है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहले स्वर कोकिला लता मंगेशकर द्वारा गाया ये गीत सबसे पहले याद आता है। यह गीत 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान शहीद हुए सैनिकों की याद में कवि प्रदीप ने लिखा था। 27, 1963 को लता मंगेशकर ने यह गीत तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी में दिल्ली में गाया था। इस गीत को सुनने वाले हर शख्स की आँखें आज भी नम हो जाती है।
2. तेरी मिट्टी
2019 में आई अक्षय कुमार की फिल्म केसरी का यह गाना बेहद ही हिट हुआ था। इस गाने में देश के प्रति प्राण देने की भावना को बहुत ही खूबसूरत ढंग से दर्शाया गया है। 2019 में इस गाने को बेस्ट सॉन्ग का अवार्ड ना मिलने के कारण सोशल मीडिया पर लोगों ने अपना गुस्सा भी जाहिर किया था। लेकिन इस तरह के देशभक्ति गीत किसी अवार्ड के मोहताज नहीं होते। इन गीतों के जरिए देशभक्ति की भावना पैदा होना ही सबसे बड़ा पुरस्कार है।
3. संदेशे आते हैं
देश की सीमा पर खड़े सैनिक को भी अपने घर की याद आती है, लेकिन वह अपने घर और परिवार को छोड़ भारत माता के प्रति ही अपना जीवन समर्पित करता है। जावेद अख्तर द्वारा लिखित यह गाना सैनिक के दिल में छिपे एक दर्द को बयां करता है। फिल्म बॉर्डर के हिट होने में इस गीत का अहम योगदान था।
4. सरफरोशी की तमन्ना
सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाज़ु-ए-कातिल में है। गीत के ये बोल सुनते ही हर देशवासी का सिर गर्व से ऊँचा हो जाता है। यह गज़ल राम प्रसाद बिस्मिल्ला ने फांसी के फंदे पर झूलते समय गाया था, इसीलिए अधिकतर लोग इसे उन्हीं की रचना मानते हैं। लेकिन असल में इसे पटना के एक प्रसिद्ध कवि बिस्मिल्ल अजीमाबादी ने लिखा है। यह गाना ‘द लेजेंड ऑफ भगत सिंह’ फिल्म में भी फिल्माया गया है।
5. कर चले हम फिदा जाने तन साथियों
यह गीत 1964 में आई फिल्म हकीकत का है। इस गाने को मोहम्मद रफी ने गाया था। गीत के अंदर एक सैनिक के मन का अंतिम संदेश दिया गया है। आज भी जब कोई सैनिक देश की सीमा पर शहीद होता है तो यकीनन उसके मन में भी ठीक इस गीत के बोल ही सुनाई देते होंगे।
6. दिल दिया है, जान भी देंगे
इस गाने को रिलीज हुए 35 वर्ष से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन आज भी लोगों की जुबां पर यह गाना रटा हुआ है। इस गाने के खूबसूरत बोल आनन्द बक्शी ने लिखे हैं। फिल्म ‘कर्मा’ के साथ-साथ इसके सभी गीतों को भी दर्शकों ने बेहद पसंद किया था।
7. मेरा रंग दे बसंती चोला
यह गाना 1965 में आई फिल्म शहीद का है। देश को आज़ाद कराने के लिए भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव हँसते-हँसते फांसी के फंदे पर झूल गए थे। यह गाना सुनकर आज भी वही दृश्य आँखों के सामने आता है और दिखाई देता है कि 23-24 वर्ष की उम्र के नौजवानों में भी उस समय आज़ादी के लिए कितना आक्रोश था।
8. ये देश है वीर जवानों का
1957 में आई फिल्म नया दौर के इस गीत में देश के जवानों की मस्ती को दर्शाया गया है। एक जवान के अंदर उठते-बैठते, हँसते-बोलते हर वक्त देशभक्ति की ही भावना रहती है। इस गाने को साहिर लुधियानवी ने लिखा है, वहीं इस गीत को अजीत और दिलीप कुमार पर फिल्माया गया है।
9. ऐ वतन, मेरे वतन आबाद रहे तू
यह गाना 2018 में आई फिल्म राज़ी का है। इस फिल्म में आलिया भट्ट ने एक जासूस का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद भी किया था। इस गणतंत्र दिवस इस गाने को भी आप अपनी प्लेलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
10. माँ तुझे सलाम
यह गाना ऑस्कर अवॉर्ड विनर ए.आर. रहमान की मशहूर एल्बम वंदे मातरम का है। आज के समय में देशभक्ति से संबंधित कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो, उसमें यह गीत अवश्य सुनाई देता है। यह गाना भी भारतीयों के दिलों अपनी स्पेशल जगह बना चुका है।
हमारी ओर से आप सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
Published By : Mohit Jain
पब्लिश्ड 26 January 2023 at 06:49 IST