अपडेटेड 26 October 2025 at 09:06 IST

21 साल की उम्र में बनी बिन ब्याही मां, 17 की उम्र में डेब्यू, अक्षय कुमार संग सगाई की खबरें… रवीना टंडन के बारे में दिलचस्प बातें

Raveena Tandon Birthday: रवीना टंडन केवल 17 साल की थीं जब उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। उनके पिता रवि टंडन हिंदी सिनेमा के जाने-माने डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे।

Raveena Tandon Birthday | Image: instagram, Republic

Raveena Tandon Birthday: बॉलीवुड की ‘मस्त मस्त गर्ल’ रवीना टंडन आज 26 अक्टूबर को अपना 53वां बर्थडे मना रही हैं। चाहे ‘मोहरा’ के ‘टिप टिप बरसा पानी’ गाने में अक्षय कुमार संग केमिस्ट्री हो या ‘अंदाज अपना अपना’ में कॉमेडी, ‘दिलवाले’ की लव स्टोरी से लोगों को रुलाना हो या ‘अंखियों से गोली मारे’ में गोविंदा संग डांस हो, रवीना टंडन ने दशकों तक फैंस का मनोरंजन किया है और सुपरस्टार का टैग हासिल किया है।

रवीना टंडन केवल 17 साल की थीं जब उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि, फिल्मों की दुनिया उनके लिए नई नहीं थी। उनके पिता रवि टंडन हिंदी सिनेमा के जाने-माने डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे। 

रवीना टंडन का 17 साल की उम्र में डेब्यू

रवीना को बॉलीवुड ब्रेक फिल्म 'पत्थर के फूल' से मिला था जिसमें उनके साथ सलमान खान नजर आए थे। उन्होंने इसका क्रेडिट सलमान को ही दिया था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वो उस समय प्रह्लाद कक्कड़ के साथ इंटर्नशिप कर रही थीं। सलमान उन दिनों अपनी नई फिल्म ‘पत्थर के फूल’ के लिए एक नया चेहरा तलाश रहे थे। रवीना के दोस्त बंटी ने ही उनकी पहली मुलाकात सलमान से करवाई। तब रवीना को अपनी पहली फिल्म 'पत्थर के फूल' ऑफर हुई।

रवीना टंडन ने केवल 17 साल की उम्र में बड़े पर्दे पर कदम रखा था। उनकी पहली ही फिल्म 'पत्थर के फूल' बड़ी सुपरहिट साबित हुई जिसमें उनकी खूबरसूरती और एक्टिंग को काफी सराहा गया था। 

अक्षय कुमार संग गुपचुप की थी सगाई

रवीना टंडन ने 1994 में आई फिल्म ‘मोहरा’ में काम किया था जो ब्लॉकबस्टर रही। फिल्म में अक्षय कुमार संग उनकी सिजलिंग केमिस्ट्री ने बड़े पर्दे पर आग लगा दी थी। खासतौर पर ‘टिप टिप बरसा पानी’ और ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त’ तो आइकॉनिक सॉन्ग बन गए। 

फिल्म पर काम करते हुए दोनों नजदीक आए और डेट करने लगे। 1990 के दशक में दोनों ने मीडिया की नजरों से छुपकर सगाई कर ली थी। रवीना ने बाद में एक चैट शो में खुलासा किया कि अक्षय ने उनसे शादी और करियर में से एक चुनने के लिए कहा था। रवीना ने प्यार की खातिर फिल्मों से ब्रेक ले लिया और एक नॉर्मल लाइफ जीना चाहती थीं। हालांकि, अक्षय की कथित बेवफाई के कारण ये सगाई टूट गई। रवीना ने दावा किया था कि उन्होंने अक्षय को कई बार रंगे हाथों पकड़ा था। 

21 साल की उम्र में बनी बिन ब्याही मां

फिल्मों के अलावा, रवीना टंडन की निजी जिंदगी भी काफी सुर्खियों में रही। वो एक बड़ी स्टार थीं, ऐसे में उनसे जुड़ी हर चीज एक बड़ी खबर बन जाती थी। वो केवल 21 साल की थीं जब उन्होंने 8 साल की पूजा और 11 साल की छाया को गोद लिया। ये दोनों लड़कियां रवीना की कजिन की बेटियां थीं जिनकी एक हादसे में मौत हो गई थी। तब रवीना ने दोनों की जिम्मेदारी उठाई। उस समय उन्हें काफी बातें सुनने को मिलती थीं। लोगों ने उनसे ये भी कहा कि कैसे अब उनसे कोई शादी नहीं करेगा। 

रवीना टंडन अपने करियर के पीक पर थीं जब उन्होंने 2004 में बिजनेसमैन अनिल थडानी से शादी कर ली। उस समय उन्होंने अनिल के सामने एक शर्त रखी थी। उन्होंने कहा था कि शादी के बाद उनकी गोद ली हुई दोनों बेटियां भी उनके साथ ही रहेंगी। 

गोविंदा संग खूब पसंद की गई रवीना टंडन की जोड़ी

बॉलीवुड की ऐसी कई आइकॉनिक ऑनस्क्रीन जोड़ी हैं जिनकी लगभग हर फिल्म दर्शकों के बीच हिट रही। उनमें से एक थी गोविंदा और रवीना टंडन की जोड़ी। चाहे उनकी केमिस्ट्री हो या चार्टबस्टर डांस नंबर, गोविंदा और रवीना जब-जब बड़े पर्दे पर साथ आते, छा जाते थे।

उनकी सबसे मशहूर फिल्मों में ‘आंटी नंबर 1’, ‘दूल्हे राजा’, ‘अनाड़ी नंबर 1’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘अंखियों से गोली मारे’, ‘सैंडविच’, ‘परदेसी बाबू’ जैसी आइकॉनिक फिल्में शामिल हैं।

ये भी पढ़ेंः ‘स्त्री’-’थामा’ के बाद अब मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स में होगी एक क्रिकेटर की एंट्री? डायरेक्टर अमर कौशिक का बड़ा हिंट

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 26 October 2025 at 09:06 IST