Ranveer Singh Kantara Controversy: कांतारा विवाद में रणवीर सिंह को कर्नाटक HC से राहत, चामुंडेश्वरी मंदिर में जाकर माफी मांगेंगे एक्टर
Ranveer Singh Kantara Controversy: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह के खिलाफ कन्नड़ फिल्म 'कंतारा: चैप्टर 1' से जुड़े विवाद में हुई FIR रद्द कर दी गई है।
Ranveer Singh Kantara Controversy: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह को कन्नड़ फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' से जुड़े विवाद में शनिवार को कर्नाटक हाई कोर्ट से राहत मिल चुकी है। एक्टर ने पिछले साल फिल्म के एक सीन की नकल की थी जिसपर जमकर बवाल हुआ और उनके खिलाफ पुलिस FIR भी हो गई। अब कोर्ट ने महीनों बाद उनके खिलाफ FIR को रद्द कर दिया है।
कर्नाटक हाई कोर्ट ने ये फैसला रणवीर सिंह द्वारा बिना शर्त माफी मांगने और सुधार के लिए कदम उठाने के आश्वासन के बाद लिया है। लाइव लॉ की एक रिपोर्ट के अनुसार, धुरंधर स्टार ने सुनवाई के दौरान अपने एक्शन के लिए खेद जताते हुए एक संशोधित हलफनामा दायर किया।
कांतारा विवाद में रणवीर सिंह के खिलाफ FIR रद्द
कोर्ट में रणवीर ने भक्तों और समुदाय को पहुंचाई ठेस के लिए चार हफ्तों के अंदर चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर माफी मांगने की भी बात कही है। इस आश्वासन को ध्यान में रखते हुए, कोर्ट ने कानूनी दलीलों में जाए बिना मामले को बंद कर दिया है।
हालांकि, कोर्ट ने इस मामले पर टिप्पणी किए बिना बात खत्म नहीं की। जज ने कहा कि वो सार्वजनिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए रणवीर को ‘धिक्कारती’ है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि मशहूर हस्तियों को अपने शब्दों और एक्शन के प्रति सचेत रहना चाहिए, खासकर जब वे सार्वजनिक रूप से सांस्कृतिक या धार्मिक विषयों पर बात कर रहे हों।
क्या है रणवीर सिंह से जुड़ा कांतारा विवाद?
यह विवाद पिछले साल का है जब एक इवेंट में रणवीर सिंह ने फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' में ऋषभ शेट्टी द्वारा निभाए गए एक किरदार की नकल की। उनके परफॉर्मेंस के दौरान किए गए कुछ कमेंट्स से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, खासकर चामुंडेश्वरी मंदिर की देवी से संबंधित भावनाएं। इसके चलते एक्टर के खिलाफ पुलिस शिकायत भी दर्ज की गई। सुनवाई के दौरान, शिकायतकर्ता ने कहा था कि यह मामला सिर्फ एक कानूनी विवाद नहीं है; यह आस्था और विश्वास का मामला है।
कोर्ट ने पहले ही कहा था कि मशहूर हस्तियां सार्वजनिक मंच का लापरवाही से इस्तेमाल नहीं कर सकतीं और उन्हें लोगों की भावनाओं को ठेस न पहुंचाने का ध्यान रखना चाहिए। रणवीर के वकील ने भी कहा था कि एक्टर इस बात की गंभीरता को समझते हैं इसलिए बिना मुकदमा लड़ें, बिना शर्त माफी मांगते हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 25 April 2026 at 18:47 IST