अपडेटेड 18 November 2025 at 13:31 IST
Dhurandhar Trailer: पाकिस्तान पर वार, बड़ा जोरदार... ‘धुरंधर’ ने भर दी हुंकार, रणवीर सिंह के साथ इन 'धुरंधरों' ने भी फैंस को कर दिया खुश
रणवीर सिंह की मच अवेटेड फिल्म 'धुरंधर' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें एक्टर अपने दमदार लुक में नजर आ रहे हैं।
Dhurandhar Trailer out: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की मच अवेटेड फिल्म 'धुरंधर' (Dhurandhar) का धमाकेदार ट्रेलर आउट हो गया है। इसमें रणवीर सिंह धांसू अंदाज में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर के हर सीन में कई धांसू डायलॉग हैं जिसने रोंगटे खड़े कर दिए हैं। रणवीर के साथ-साथ अर्जुन रामपाल, आर माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और सारा अर्जुन भी अपने किरदार से दर्शकों के होश उड़ा रहे हैं। ट्रेलर ने फैंस की एक्साइटमेंट दोगुना बढ़ा दी है।
आदित्य धर (Aditya Dhar) के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' का ट्रेलर पहले 12 नवंबर को रिलीज किया जाना था। लेकिन, दिल्ली ब्लास्ट के चलते इसे टाल दिया गया। दर्शक इस स्पाई थ्रिलर फिल्म के ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। आखिरकार आज उनका इंतजार खत्म हो गया।
ट्रेलर में क्या कुछ दिखा?
पद्मावत के बाद 'धुरंधर' में एक बार फिर रणवीर सिंह का खूंखार अवतार देखने को मिल रहा है। ट्रेलर में रणवीर की एंट्री एक हाथ में सिगरेट और दूसरे हाथ में बंदूक लेकर होती है। इस दौरान वो कहते हैं अगर तुम लोगों के पटाखे खत्म हो गए हो तो मैं धमाका शुरू करूं? तुरंत बाद उनका खून से सना चेहरा और खूंखार अवतार 440 वोल्ट का झटका दे देता है। रणवीर कभी लोहे से तो कभी आग का गोला बने कांटे वाली गेंद से मार-काट करते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, वो ताबड़तोड़ बंदूक चलाते भी नजर आए। हालांकि, ट्रेलर देखकर रणवीर सिंह के कैरेक्टर को यह समझना मुश्किल है, जबकि अन्य स्टार्स के रोल का खुलासा लगभग हो गया है।
बेरहम अवतार में अर्जुन रामपाल
आदित्य धर के निर्देशन में बने 'धुरंधर' के ट्रेलर में दिमाग के तार हिला देने वाला दमदार एक्शन और खून खराबा देखने को मिल रहा है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा, अर्जुन रामपाल (Arjun Rampal), अक्षय खन्ना (Akshaye Khanna) और संजय दत्त (Sanjay Dutt) का किरदार भी रोंगटे खड़े कर देने वाला है। ट्रेलर की शुरुआत अर्जुन रामपाल के बेरहम ISI मेजर के किरदार से होती है। इसमें अर्जुन एक शख्स के शरीर में कीलें गाढ़कर उसे बेरहमी से दर्द से तड़पाता है और फिर भारत को बर्बाद करने की धमकी देता है।
दर्शकों को ट्रेलर बेहद पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग ट्रेलर को जोरदार बता रहे हैं। किसी ने कहा रणवीर इज बैक, तो किसी ने स्टारकास्ट और एक्शन सीन की तारीफ की।
दर्शकों को मिलने वाला है ये सरप्राइज
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, 'धुरंधर' दो पार्ट्स में रिलीज होगी। पहला पार्ट 5 दिसंबर 2025 को रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट अगले साल 2026 में जून से पहले दस्तक दे सकता है। बताया जा रहा है कि फिल्म ऐसे मोड़ पर खत्म होगी कि आगे की कहानी दूसरे पार्ट में आगे बढ़ेगी। खैर, इन रिपोर्ट्स की क्या सच्चाई है, ये तो आने वाले समय में ही मालूम होगी।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 18 November 2025 at 12:58 IST