रानी मुखर्जी पर टूटा दुखों का पहाड़, 75 साल की उम्र में मां कृष्णा मुखर्जी का निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर
बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन हो गया है। 75 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार की ओर से उनके निधन की पुष्टि की गई है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर निधन हो गया। वह 75 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद मुखर्जी परिवार और करीबियों में शोक का माहौल है। मुखर्जी परिवार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में इस बात की पुष्टि की गई है। यश राज फिल्म्स ने भी खबर की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया है।
YRF ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटमेंट जारी कर कृष्णा मुखर्जी के निधन की पुष्टि की है। साथ ही इस वक्त रानी मुखर्जी के परिवार को थोड़ा एकांत देने की भी अपील की है।
रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन
बयान में कहा गया, “भारी मन से हम बताना चाहते हैं कि रानी मुखर्जी की मां श्रीमती कृष्णा मुखर्जी का आज दोपहर निधन हो गया। परिवार इस मुश्किल समय में मिले प्यार, दुआओं और सपोर्ट के लिए दिल से शुक्रगुजार है और सभी से प्राइवेसी की अपील करता है।”परिवार ने इस समय अपनी निजता बनाए रखने की अपील की है। कृष्णा मुखर्जी की मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
कौन थीं कृष्णा मुखर्जी
बता दें कि कृष्णा मुखर्जी एक प्लेबैक सिंगर थीं। उनकी शादी प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक और निर्माता राम मुखर्जी से हुआ था। राम मुखर्जी फिल्मालय स्टूडियो के संस्थापक शशधर मुखर्जी के परिवार से ताल्लुक रखते थे। राम मुखर्जी का वर्ष 2017 में निधन हो चुका है। दंपति के दो बच्चे हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी और फिल्ममेकर-प्रोड्यूसर राजा मुखर्जी।
परिवार में गम का माहौल
रानी मुखर्जी अपनी मां के बहुत करीब रहीं। उन्होंने कई मौकों पर मां के साथ नजर आईं और कई इंटरव्यू में उनके साथ के रिश्ते का जिक्र किया। रानी जब भी किसी अवॉर्ड शो, फिल्म की स्क्रीनिंग या पब्लिक इवेंट में पहुंचती थीं, उनकी मां कई बार उनके साथ नजर आती थीं। मां के जाने एक्ट्रेस को गहरा सदमा लगा है। कृष्णा मुखर्जी के निधन के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 22 September 2026 at 16:23 IST