Ramayana को मिली सबसे बड़ी डील, OTT स्ट्रीमिंग के लिए 700 करोड़ का ऑफर, मेकर्स ने एक ही झटके में ठुकराया, क्यों?
Ramayana OTT Deal: ‘रामायण’ के मेकर्स को हाल ही में ओटीटी के लिए करीब 700 करोड़ रुपये का ऑफर आया था जिसे प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने कथित तौर पर ठुकरा दिया है।
Ramayana OTT Deal: नमित मल्होत्रा अपने आगामी प्रोजेक्ट ‘रामायण’ को लेकर हर एक चीज काफी ग्रैंड लेवल पर कर रहे हैं। दोनों पार्ट्स की शूटिंग में ही लगभग 4000 करोड़ रुपये का बजट लग गया है, ऐसे में अब इसकी ओटीटी डील को लेकर भी बड़ी रोमांचक जानकारी सामने आ रही है। ‘रामायण’ में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे कलाकार नजर आएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ का पहला पार्ट इस साल दिवाली तो दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा। लगभग आठ हफ्तों बाद फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगी जिसके लिए मेकर्स को हाल ही में करीब 700 करोड़ रुपये का ऑफर आया था जिसे प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने कथित तौर पर ठुकरा दिया है।
‘रामायण’ को मिली 700 करोड़ की ओटीटी डील
बॉलीवुड हंगामा ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि नमित मल्होत्रा को ‘रामायण’ के दोनों पार्ट्स के लिए कुल मिलाकर 700 करोड़ रुपये का ऑफर मिला था, जो किसी भी भारतीय फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा ऑफर है लेकिन उन्होंने इसे तुरंत ठुकरा दिया। चूंकि प्रोजेक्ट को 4000 करोड़ रुपये के भारी बजट पर बनाया गया है इसलिए नमित और उनकी टीम को लगता है कि ‘रामायण’ इससे कहीं ज्यादा डिजर्ब करती है क्योंकि यह एक ऐतिहासिक फिल्म है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करेगी।
1000 करोड़ रुपये की डील के पीछे मेकर्स?
नमित को किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म से 1000 करोड़ रुपये की डील मिलने की उम्मीद है, जिससे वैश्विक सिनेमाघरों सहित अन्य चीजों के जरिए 3000 करोड़ रुपये की वसूली की जा सके। सूत्रों के अनुसार, "नमित को पूरा भरोसा है कि रामायण की दुनिया देखने के बाद ऑफर बढ़ते चले जाएंगे। यह एक ऐसी फिल्म है जो सभी प्लेटफॉर्म को ग्लोबल लेवल पर पहुंचाएगी। दो फिल्मों के लिए 1000 करोड़ रुपये की कीमत इसकी क्षमता को देखते हुए काफी अच्छी है। उन्होंने फिल्म के राइट्स अपने पास ही रखे हैं और सही कीमत पर सही पार्टनर के साथ साझेदारी करेंगे। संभव है कि वे अभी सिर्फ पहला पार्ट बेच दें और दूसरे पार्ट को पहले पार्ट की रिलीज तक रोक लें, जैसा कि ‘धुरंधर’ की टीम ने किया था।"
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 4 April 2026 at 13:56 IST