अपडेटेड 11 November 2025 at 17:16 IST
Delhi Blast: लाल किले के पास हुए धमाके से टूटा फिल्मी सितारों का दिल, प्रियंका चोपड़ा-आयुष्मान खुराना ने जताया दुख, पूछा- जवाब कब?
Delhi Blast: प्रियंका चोपड़ा, रवीना टंडन और आयुष्मान खुराना समेत कई सेलिब्रिटीज ने दिल्ली धमाके पर दुख जताते हुए जवाब मांगे हैं। लाल किले के पास एक i20 कार में हुए धमाके में अबतक 9 लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हैं।
Delhi Blast: दिल्ली में सोमवार यानि 10 नवंबर की शाम लाल किले के पास एक i20 कार में हुए धमाके में अबतक 9 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है जबकि कई घायल हैं। इस धमाके से पूरी दिल्ली दहल उठी जिसका सीसीटीवी फुटेज देख किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। अब फिल्म इंडस्ट्री से भी कई सितारों ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी है।
प्रियंका चोपड़ा, रवीना टंडन और आयुष्मान खुराना समेत कई सेलिब्रिटीज ने दिल्ली धमाके पर दुख जताते हुए जवाब मांगे हैं। सोशल मीडिया पर भी मृतकों को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।
दिल्ली धमाके पर फिल्मी सितारों ने जताया दुख
प्रियंका चोपड़ा ने मंगलवार को अपनी इंस्टा स्टोरी के जरिए लिखा कि लाल किले से सामने आई तस्वीरें देख उन्हें बहुत दुख हुआ। इतना डर और अफरा तफरी देख दिल टूट गया। उन्होंने आगे लिखा- "मेरी प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं और जान गंवाने वालों के लिए संवेदनाएं। उम्मीद है कि हमें जल्द ही कुछ जवाब मिल जाएंगे। इस बीच प्लीज सुरक्षित और सतर्क रहें।”
वहीं, आयुष्मान खुराना ने भी लिखा कि दिल्ली से आ रही धमाके की खबर से वो काफी हैरान और परेशान हैं। उनकी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं और वो घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले
रवीना टंडन ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताई और धमाके की खबर को भयावह बताया। रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी दिल्ली धमाके की घटना पर दुख जताते हुए लिखा कि दोषियों का जल्दी पता चले और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
तमिल सुपरस्टार विजय ने भी घटना पर दुख जताते हुए लिखा- दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की खबर से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
सोनू सूद ने लिखा- दिल्ली में लाल किले के पास आज हुए दुखद विस्फोट से पीड़ित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदना। आइए, पीड़ितों का समर्थन करें, एक-दूसरे का ख्याल रखें और शांति के लिए कमिट करें।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 11 November 2025 at 17:16 IST