अपडेटेड 24 May 2025 at 12:56 IST
Mukul Dev Passes Away: सुष्मिता संग बॉलीवुड डेब्यू, जहाज उड़ाने की ट्रेनिंग...जानिए एक्टर मुकुल देव के बारे में सबकुछ
मशहूर एक्टर मुकुल देव के चले जाने से पूरा परिवार टूट कर बिखर गया है। उनके परिवार के साथ-साथ बॉलीवुड जगत में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
Mukul Dev: फिल्मी गलियारों से एक दुखद खबर सामने आई है। कई फिल्मों और टीवी इंडस्ट्री में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके मशहूर एक्टर मुकुल देव का निधन हो गया है। उन्होंने 54 साल की उम्र में आखिरी सांस ली।
खबरों की मानें तो मुकुल देव बीते काफी समय से बीमार चल रहे थे और आईसीयू में भर्ती थे। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मुकुल देव अपने पीछे अपना छोटा सा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी शिल्पा देव और 22 साल की बेटी सिया का रो-रोकर बुरा हाल है। एक्टर के चले जाने से पूरा परिवार टूट कर बिखर गया है। एक्टर के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ बॉलीवुड जगत में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी है। मुकुल देव के अचानक चले जाने से हर कोई स्तब्ध है। उनके निधन पर बड़े-बड़े सेलेब्स दुख जाहिर कर रहे हैं।
मुकल देव का जन्म
मुकुल देव का जन्म नई दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था जिनकी जड़े जालंधर के पास के एक गांव से जुड़ी थीं। उनके पिता हरी देव पुलिस असिस्टेंट कमिश्नर थे। इसके अलावा हरी देव ने ही मुकुल देव को अफगानी संस्कृति से परिचित कराया था। उनके पिता पश्तो के साथ-साथ फारसी भी बोल सकते थे।
ट्रेंड पायलट भी थे एक्टर
जानकारी के अनुसार, एंटरटेनमेंट जगत से मुकुल तब परिचित हुए थे जब 8वीं क्लास में उन्हें अपना पहला सैलरी चेक मिला। उन्होंने दूरदर्शन के आयोजित डांस शो में माइकल जेक्शन की तरह डांस किया था। इतना ही नहीं, वो इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान एकेडमी से ट्रेंड पायलट भी थे।
कब की एक्टिंग करियर की शुरुआत?
मुकुल देव ने साल 1996 में टीवी सीरियल 'मुमकिन' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा उन्होंने दूरदर्शन पर एक से बढ़कर एक शोज में काम किया। मुकुल देव के अभिनय को देखते हुए महेश भट्ट ने उन्हें सुष्मिता सेन और शरद कपूर के साथ 'दस्तक' फिल्म में कास्ट किया था। इसमें उन्होंने रोहित मल्होत्रा का किरदार अदा किया था। बता दें कि इस फिल्म से पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने भी अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था।
कई बड़ी फिल्मों में किया काम
टीवी के अलावा मुकुल देव ने कई बड़ी फिल्मों में भी काम किया है। उन्हें आखिरी बार 'अंत द एंड' में देखा गया था। इसके अलावा 'सन ऑफ सरदार', 'यमला पगला दीवाना', 'आर राजकुमार', 'जय हो', 'इसकी टोपी उसके सिर', 'किला', 'वजूद','मेरे दो अनमोल रतन', 'इत्तेफाक', 'मुझे मेरी बीवी से बताओ' समेत तमाम फिल्में शामिल हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 24 May 2025 at 12:56 IST