मिथुन चक्रवर्ती की हुई सर्जरी, अस्पताल मिलने पहुंचे बंगाल CM सुवेंदु अधिकारी, सोशल मीडिया पर ट्वीट कर दिया हेल्थ अपडेट

दिग्गज अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती को शारीरिक अस्वस्थता के चलते कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुवार रात उनकी एक मामूली सर्जरी हुई, जिसके बाद अब उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

मिथुन चक्रवर्ती की हुई सर्जरी, अस्पताल मिलने पहुंचे बंगाल CM सुवेंदु अधिकारी | Image: Instagram

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती को अस्वस्थता के चलते कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके अस्पताल में होने की जानकारी पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की।

अस्पताल पहुंचकर जाना स्वास्थ्य का हाल

शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को अस्पताल जाकर मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके इलाज का फीडबैक लिया। मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'प्रसिद्ध अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती शारीरिक अस्वस्थता के कारण कोलकाता के अस्पताल में भर्ती हैं। मैंने आज उनसे मुलाकात कर उनकी सेहत की जानकारी ली। ईश्वर से उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

गुरुवार रात हुआ मामूली ऑपरेशन

शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात मिथुन दा का एक छोटा सा ऑपरेशन हुआ था। अभिनेता अपनी सेहत से जुड़ी इस बात को निजी रखना चाहते थे और किसी तरह का प्रचार नहीं चाहते थे। उन्होंने केवल राज्य भाजपा अध्यक्ष और पार्टी सहयोगियों को इसकी सूचना दी थी। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर है और वे तेजी से रिकवर कर रहे हैं। उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

'राष्ट्रवादी विचारों के स्तंभ हैं मिथुन दा'

मिथुन चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल के लिए एक अमूल्य धरोहर बताते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी पहचान केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। वे एक महान कलाकार होने के साथ-साथ समाज और राज्य में राष्ट्रवादी विचारों की अलख जगाने वाले प्रमुख व्यक्तियों में से एक हैं। पश्चिम बंगाल के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में उनका योगदान अतुलनीय है। मिथुन चक्रवर्ती के अस्वस्थ होने की खबर सामने आने के बाद से ही उनके प्रशंसकों और समर्थकों में चिंता का माहौल है। देश भर से प्रशंसक सोशल मीडिया के माध्यम से 'डिस्को डांसर' अभिनेता के जल्द से जल्द स्वस्थ होकर पर्दे और राजनीति के मंच पर लौटने की कामना कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें - देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा... 250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

 

 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 7 August 2026 at 18:28 IST