Kangana Ranaut: पहले जीभ से नाक छूने वाला मजाक, अब भरतनाट्यम पर पोस्ट... क्या कंगना रनौत ने फिर अनन्या पांडे पर कसा तंज? जानिए क्या लिखा
Kangana Ranaut: कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। उनके पोस्ट को देखकर लोग कयास लगा रहे हैं कि उन्होंने अनन्या पांडे पर तंज कसा है।
Kangana Ranaut: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। कंगना ने बिना नाम लिए एक्ट्रेस अनन्या पांडे पर तंज कसा है। दरअसल, अनन्या पांडे की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ में उनके भरतनाट्यम डांस को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग चल रही है। इसी बीच कंगना ने दिग्गज अदाकारा वैजयंती माला का क्लासिकल डांस वीडियो शेयर कर ऐसा पोस्ट लिखा, जिसे लोग अनन्या पर अप्रत्यक्ष हमला मान रहे हैं।
अनन्या के डांस पर मचा विवाद
करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ का एक डांस सीन इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अनन्या पांडे भरतनाट्यम करती नजर आ रही हैं। हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स को उनका डांस और एक्सप्रेशंस बिल्कुल पसंद नहीं आए और लोग उन्हें लगातार ट्रोल करने लगे।
कंगना ने शेयर किया वैजयंती माला का वीडियो
इसी बीच कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर हिंदी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस वैजयंती माला का एक पुराना क्लासिकल डांस वीडियो शेयर किया है। वीडियो में वैजयंती माला शानदार अंदाज में भरतनाट्यम करती नजर आ रही हैं। कंगना ने वीडियो के साथ एक खास नोट भी लिखा, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
पोस्ट में लिखी ये बात
कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘एक हल्की सी याद दिला दूं कि धरती पर रहने वाला हर इंसान सिर्फ इंसान नहीं होता। कुछ लोग दिव्य होते हैं और उनका जन्म सिर्फ इसलिए होता है ताकि आम इंसान उनकी पूजा कर सकें।’ कंगना की इस पोस्ट को यूजर्स सीधे तौर पर अनन्या पांडे के वायरल डांस वीडियो से जोड़कर देख रहे हैं।
वैजयंती माला के हुनर की तारीफ
भारतीय सिनेमा में वैजयंती माला को पहली महिला सुपरस्टार्स में गिना जाता है। उन्होंने भरतनाट्यम जैसे शास्त्रीय नृत्य को फिल्मों में नई पहचान दिलाई। देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने भारतीय शास्त्रीय नृत्य को लोकप्रिय बनाया। कंगना ने अपनी पोस्ट के जरिए उनके इसी योगदान और कला की तारीफ की है।
सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक
अनन्या पांडे के डांस वीडियो पर सोशल मीडिया पर लगातार मीम्स और कमेंट्स देखने को मिल रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि भरतनाट्यम का विकास 200 ईसा पूर्व में हुआ था और 2026 में अनन्या पांडे के साथ इसका अंत हो गया है। वहीं दूसरे यूजर ने उनके डांस को ‘रोबोटिक भरतनाट्यम’ तक बता दिया है।
पहले भी अनन्या पर तंज कस चुकी हैं कंगना
कंगना रनौत इससे पहले भी कई बार अनन्या पांडे और स्टार किड्स पर निशाना साध चुकी हैं। ‘द कपिल शर्मा शो’ में अनन्या के एक टैलेंट को लेकर कंगना का मजाक उड़ाना भी काफी वायरल हुआ था। ऐसे में अब वैजयंती माला का वीडियो शेयर करना एक बार फिर उसी पुराने विवाद को हवा देता नजर आ रहा है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 24 May 2026 at 17:34 IST