'हैसियत बढ़ने पर दुश्मन खुद-ब-खुद बढ़ जाते हैं...', रणवीर सिंह को मिला कंगना रनौत का सपोर्ट, इंडस्ट्री को सुनाई खरी-खोटी
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने रणवीर सिंह का सपोर्ट किया है। उन्होंने इंडस्ट्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब कद ऊंचा होता है तब दुश्मन अपने आप बढ़ने लगते हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Kangana Ranaut Supports Ranveer Singh: बॉलीवुड के हैंडसम हंक रणवीर सिंह और FWICE के बीच का विवाद इन दिनों हॉट टॉपिक बना हुआ है। एक्टर ने जब से फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से हाथ खींचे हैं तब से मामला तवे की तरह गर्म है। मामला अब इतना बढ़ गया है कि फिल्म इंडस्ट्री की संस्था FWICE ने उनके खिलाफ नॉन कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया है। इस बीच अब बॉलीवुड 'क्वीन' कंगना रनौत ने रणवीर सिंह का सपोर्ट किया है।
कंगना रनौत 2 जून को अपनी अपकमिंग फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के ट्रेलर लॉन्च पर पहुंचीं। इस दौरान उनसे रणवीर सिंह पर हुए एक्शन को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने बड़ी ही बेबाकी से कहा कि जब आपका कद बढ़ता है तब दुश्मन अपने आप बढ़ने लगते हैं।
हैसियत बढ़ती है, तो दुश्मन भी बढ़ते हैं- कंगना
कंगना रनौत ने कहती हैं, 'जब आपकी हैसियत बढ़ती है तो आपके दुश्मन भी बढ़ते हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि आपकी हैसियत बढ़े और आपके दुश्मन न बढ़ें। रणवीर सिंह को सोचना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है कि उनके इतने दुश्मन हैं। तो अच्छी बात है।'
आसानी से आगे नहीं बढ़ा जा सकता- कंगना
उन्होंने आगे कहा, 'जिंदगी में जब आप आगे बढ़ते हैं तो कई तरह की रुकावटें भी आती हैं। आप हमेशा आसानी से आगे नहीं बढ़ सकते। मेरे साथ तो ये इतना हुआ है। देखिए आज मैं अच्छा कर रही हूं। मेरी जिंदगी की गाड़ी अच्छी चल रही है। इसलिए इन चीजों से कुछ फर्क नहीं पड़ता। आखिर में सबकुछ ठीक हो जाता है।'
क्या है रणवीर सिंह का विवाद?
विवाद की जड़ रणवीर सिंह के 'डॉन 3' से बाहर होने की खबर बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म मेकर फरहान अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट का आरोप है कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से महज तीन हफ्ते पहले रणवीर सिंह ने प्रोजेक्ट से दूरी बना ली, जिससे प्रोडक्शन को भारी भरकम नुकसान झेलना पड़ा। बताया गया है कि फिल्म की प्री-प्रोडक्शन तैयारियों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके थे। ऐसे में प्रोड्यूसर्स को 45 करोड़ तक का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इसके बाद पूरा मामला फिल्म इंडस्ट्री की संस्था FWICE के पास पहुंचा। FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया, जिसके तहत इंडस्ट्री के वर्कर्स को रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करने की अपील की गई।
हालांकि यह कोई कानूनी बैन नहीं है, लेकिन इसकी वजह से फिल्म की शूटिंग के दौरान लॉजिस्टिक्स और वर्कर्स को जुटाने में मुश्किलें आ सकती हैं। इस पूरे मामले में फिलहाल रणवीर सिंह की तरफ से सार्वजनिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 3 June 2026 at 08:36 IST