अपडेटेड 18 March 2026 at 13:51 IST
'सब सनातनी हैं, तो लिखने में क्या घबराहट', सारा अली खान मामले पर बोलीं कंगना रनौत, केदारनाथ में दर्शन के लिए एक्ट्रेस को देना होगा एफिडेविट
Sara Ali Khan Kedarnath Yatra: सारा अली खान को अक्सर केदारनाथ में दर्शन करते देखा जा सकता है। हालांकि अब उन्हें यहां आने से पहले सनातन में आस्था का एफिडेविट देना होगा।
Sara Ali Khan news: बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान को अब केदारनाथ में दर्शन करने के पहले सनातन में आस्था एफिडेविट
देना होगा। बिना इसके उनकी मंदिर में एंट्री नहीं होगी। इस नए नियम पर बॉलीवुड एक्ट्रेस और लोकसभा सांसद कंगना रनौत का रिएक्शन आया है। उन्होंने कहा कि सब सनातनी हैं, तो सच लिखने में डर कैसा?
यहां पर जो भी है वो सनातनी हैं- कंगना
कंगना ने कहा, "यहां पर जो भी है वो सनातनी हैं। सनातन मतलब जिसका न आदी है न अंत है। सारे धर्म हजार और 1500 साल पुराने हैं। सनातन ही है जो सत्य है। तो वो (सारा अली खान) भी सनातनी ही हैं, तो लिखने में क्या घबराहट? लिख दीजिए।"
दरअसल, एक्ट्रेस सारा अली खान अपनी धार्मिक आस्था को लेकर अक्सर सुर्खियों का हिस्सा बनी रहती हैं। वो मंदिर भी जाती हैं और मस्जिद भी। इसके लिए सोशल मीडिया पर लोग उन्हें बुरी तरह ट्रोल भी करते हैं। बावजूद इसके सारा को कोई फर्क नहीं पड़ता और उन्हें अक्सर मंदिरों के दर्शन करते देखा जाता रहा है।
गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक का प्रस्ताव
चारधाम यात्रा 2026 से पहले उत्तराखंड में बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने 10 मार्च को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है। इसके तहत केदारनाथ, बद्रीनाथ समेत 47 मंदिरों में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने की सिफारिश की गई है। इस प्रस्ताव को राज्य सरकार को भेजा गया है, जहां इस पर अंतिम निर्णय होगा।
समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा है कि कोई व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पृष्ठभूमि से क्यों न हो, अगर वो सनातन धर्म में अपनी आस्था व्यक्त करता है और इसके लिए शपथ पत्र देता है, तो उसे मंदिर में दर्शन की इजाजत दी जा सकती है।
सारा अली खान को भी देना होगा एफिडेविट
उन्होंने इस दौरान उदाहरण देते हुए सारा अली खान का नाम लिया। हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अगर सारा अली खान जैसी हस्ती भी केदारनाथ आती हैं। वो कहती हैं कि सनातन के प्रति मेरी आस्था है, भाव है और वो एफिडेविट देती हैं, तो उन्हें दर्शन से नहीं रोका जाएगा।
सारा अली खान का केदारनाथ से खास जुड़ाव है। एक्ट्रेस कई बार केदारनाथ धाम पहुंचकर यहां बाबा केदार के दर्शन करती नजर आई हैं। बॉलीवुड में उन्होंने 'केदारनाथ' फिल्म से ही डेब्यू किया था। फिल्म की शूटिंग भी केदारनाथ घाटी में हुई थी।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 18 March 2026 at 13:51 IST