12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बॉलीवुड का दिखा जलवा, अक्षय कुमार से श्रीलीला तक इन सितारों ने दिया फिटनेस का संदेश
International Yoga Day: अक्षय कुमार, शिल्पा शेट्टी, श्रीलीला, सुनील शेट्टी के साथ कई सितारें योगा डे मना रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर स्टार्स ने योग करते हुए पोस्ट शेयर किया है और संदेश दिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
International Yoga Day: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पूरा देश योग के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों के साथ-साथ बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। देश भर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने आम लोगों में काफी उत्साह भरा देखा गया।
अक्षय कुमार
मुंबई में आयोजित एक भव्य योग कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और एक्टर अक्षय कुमार ने शिरकत की। यहां दोनों ने मंच पर मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर योगाभ्यास किया। इस साल की थीम स्वस्थ उम्र के लिए योग को ध्यान में रखते हुए अक्षय ने फिट रहने का संदेश दिया और लोगों को नियमित योग के लिए प्रेरित किया।
विद्युत जामवाल
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर, 'इंडियन योगा एसोसिएशन' के युवा एंबेसडर विद्युत जामवाल ने युवाओं को योग से जुड़ने और माता-पिता को स्वस्थ रखने के लिए प्रेरित किया। उनके द्वारा शुद्ध संस्कृत में दिए गए भाषण और श्लोकों की सोशल मीडिया पर जमकर प्रशंसा हो रही है।
शिल्पा शेट्टी
हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी आकर्षण का केंद्र रहीं। उन्होंने मंच से बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग किया। एक्ट्रेस का उत्साह देखकर वहां मौजूद सभी लोग बेहद ऊर्जावान नजर आए। उन्होंने अपने योगाभ्यास के माध्यम से हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने पर जोर दिया।
श्रीलीला
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर मुंबई में अभिनेत्री श्रीलीला ने योग के महत्व को साझा किया। उन्होंने इसे एक बेहतरीन पहल बताते हुए कहा कि खुद इसका अनुभव करने के बाद वे कह सकती हैं कि इसका गहरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने जोर दिया कि आज की भागदौड़ और तनावभरी जिंदगी में एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाना बेहद जरूरी है।
सुनील शेट्टी और नील नितिन मुकेश का संदेश
एक्टर सुनील शेट्टी और नील नितिन मुकेश ने भी इस अवसर पर लोगों को योग की महत्ता समझाई। दोनों सितारों का कहना है कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का जरिया नहीं है, बल्कि यह मन को शांत और मजबूत बनाने का सबसे अच्छा तरीका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने दिन में योग को एक अनिवार्य हिस्सा बनाएं ताकि जीवन खुशहाल रह सके।
राज्यों में भी दिखी योग की धूम
केवल बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के झांसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योग किया, वहीं राजस्थान के माउंट आबू में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर लोगों को बधाई दी। अंबेडकरनगर में भी हवाई पट्टी पर भारी संख्या में लोगों ने अधिकारियों के साथ योगाभ्यास किया।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 21 June 2026 at 10:26 IST