Koi Mil Gaya: 20 सालों बाद फिर दिखेगा ‘जादू’ का जादू, बड़े पर्दे पर रिलीज हो रही ऋतिक की सुपरहिट फिल्म
ऋतिक रोशन की सुपरिट फिल्म ‘कोई मिल गया’ बड़े पर्दे पर दोबारा रिलीज हो रही है। 4 अगस्त को देश के 30 शहरों में इसे रिलीज किया जाएगा।
Koi Mil Gaya Re-released: ऋतिक रोशन के फैंस के लिए एक अच्छी खबर है। फिल्म ‘कोई मिल गया’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर रिलीज की जा रही है। फिल्म की रिलीज के 20 साल पूरे होने पर मेकर्स ने ये फैसला लिया है और फैंस को एक तोहफा दिया है। यह फिल्म 4 अगस्त को बड़े पर्दे पर रिलीज हो रही है।
खबर में आगे पढ़ें…
- बड़े पर्दे पर दोबारा रिलीज हो रही ‘कोई मिल गया’
- 8 अगस्त 2003 को रिलीज हुई थी फिल्म
- फिल्म के 2 दशक पूरे होने पर मेकर्स ने किया ऐलान
फिल्म से ऋतिक के करियर को मिली थी उड़ान
ऋतिक रोशन ने यूं तो अपने करियर में तमाम हिट फिल्में दी हैं, लेकिन ‘कोई मिल गया’ की फैन फॉलोइंग सबसे अधिक है। इस फिल्म ने ऋतिक के करियर को एक नई ऊंचाई दी थी। ‘कहो न प्यार है’ से सफल डेब्यू करने के बाद अभिनेता की बैक टू बैक आठ फिल्में फ्लॉप रही थी। इसके बाद फिल्म कोई मिल गया ने जादू बिखेरा और उन्हें इंडस्ट्री के दिग्गज स्टार्स की सूची में लाकर खड़ा कर दिया।
अंतरिक्ष से आए एलियन ‘जादू’ ने बड़े पर्दे पर धूम मचाई थी। फिल्म में ऋतिक ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ लड़के के किरदार निभाया था। बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी ने फिल्म को पसंद किया। आप में से अधिकतर लोगों ने फिल्म पहले देखी ही होगी।
30 शहरों में 4 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
राकेश रोशन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 8 अगस्त 2003 को रिलीज हुई थी। फिल्म की रिलीज को 2 दशक पूरे होने पर मेकर्स ने एक बड़ा ऐलान किया है। इस शुक्रवार यानि 4 अगस्त को फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिलीज की जा रही है। देश के 30 शहरों में दर्शक बड़े पर्दे पर फिल्म देख सकते हैं। इस फिल्म में ऋतिक के अपोजिट प्रीति जिंटा लीड रोल में नजर आई थीं।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही फिल्म
मेकर्स के इस ऐलान के बाद से ही सोशल मीडिया पर #koimilgaya ट्रेंड कर रहा है। फैंस फिल्म को लेकर अपनी एक्साइटमेंट जाहिर कर रहे हैं। फिल्म के पोस्टर्स और क्लिप्स ट्विटर पर लगातार शेयर किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि इमोशन है। साथ ही कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि अपने बच्चों को वो ये फिल्म दिखाने जरूर ले जाएंगे।
Published By : Mohit Jain
पब्लिश्ड 2 August 2023 at 17:04 IST
