'उनके बिना जीवन सूना...', धर्मेंद्र को गए एक साल पूरे, लेकिन हेमा मालिनी का दुख नहीं हुआ कम; PHOTOS शेयर कर बयां किया दर्द
हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर और बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र को दुनिया से विदा हुए आज एक साल पूरा हो गया है। लेकिन आज भी उनके करीबी और चाहनेवाले उन्हें बहुत याद करते हैं। उनकी पहली पुण्यतिथि पर बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल और उनकी पत्नी ने उन्हें याद किया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Hema Malini on Dharmendra First Death Anniversary: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और बॉलीवुड के 'ही-मैन' कहे जाने वाले धर्मेंद्र को इस दुनिया से विदा हुए आज पूरा एक साल हो गया है। भले ही वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपनी शानदार अदाकारी और जिंदादिली के जरिए आज भी अपने परिवार, करीबियों और करोड़ों चाहने वालों की यादों में जिंदा हैं। उनकी पहली पुण्यतिथि पर बॉलीवुड की 'ड्रीम गर्ल' और उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने उन्हें बेहद खास अंदाज में याद किया है।
हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के साथ बिताए खूबसूरत पलों की कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं। साथ ही एक दिल छू लेने वाला इमोशनल नोट लिखा है, जिसे पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए।
एक साल गुजर गया, लेकिन दुख कम नहीं हुआ- हेमा
हेमा मालिनी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, 'पूरा एक साल बीत गया, लेकिन मेरा दुख जरा भी कम नहीं हुआ है। मैं एक ऐसे इंसान के चले जाने का गहरा और कभी न भर पाने वाला शोक मना रही हूं, जो सिर्फ मेरे पति ही नहीं थे, बल्कि वे मेरे लिए सब कुछ थे- मेरे दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक, जो मेरी ताकत का आधार थे; संक्षेप में कहूं तो, वे ही मेरा अस्तित्व थे।'
धर्मेंद्र के बिना जीवन सूना- हेमा
उन्होंने आगे लिखा, 'उनके बिना जीवन बहुत सूना लगता है। उनका प्रभावशाली व्यक्तित्व, उनकी स्वाभाविक अच्छाई जो उनके पूरे अस्तित्व में रची-बसी थी और जो उन्हें जानने वाले हर व्यक्ति तक उनके प्यार के रूप में पहुंचती थी- वे एक ऐसे अनोखे इंसान थे, जो सफलता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद हमेशा जमीन से जुड़े रहे और अपनी जड़ों से जुड़े रहे।'
हेमा ने लिखा, 'भगवद् गीता हमें बताती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है। मुझे यह बात पता है, लेकिन अभी मैं इसी जीवन में हूं और उनकी स्नेहपूर्ण उपस्थिति की याद आना स्वाभाविक है।'
हेमा मालिनी ने फैंस का शुक्रिया अदा किया
अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, 'मैं उन लाखों फैंस का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने इस उदार और प्यारे इंसान को याद किया और धरम जी के बारे में इतने स्नेहपूर्ण संदेश भेजे। ये बताया कि वे उनके लिए क्या मायने रखते थे। आप सभी का एक बार फिर से धन्यवाद।'
धर्मेंद्र का 2025 में हुआ था निधन
धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने अपने मुंबई स्थित घर पर आखिरी सांस ली थी।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 24 November 2026 at 13:41 IST