Hanuman Ansh: जिस शो को OTT ने कभी कर दिया था रिजेक्ट, अब नेटफ्लिक्स और सोनी लिव पर मचाएगा धूम
इस महीने की शुरुआत में, ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव ने यह आधिकारिक घोषणा की थी कि फिल्म 'हनुमान अंश' का डिजिटल प्रीमियर 27 नवंबर को किया जाएगा। हालांकि, अब फिल्म की रिलीज को लेकर एक नया और बड़ा अपडेट सामने आया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
साल 2026 की सबसे बड़ी सरप्राइज ब्लॉकबस्टर साबित हुई फिल्म 'हनुमान अंश' अब सिनेमाघरों के बाद डिजिटल दुनिया में भी धमाल मचाने के लिए तैयार है। महज 2 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता हासिल करने के बाद अब एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के बाद अब दिग्गज स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने भी इस फिल्म के डिजिटल राइट्स खरीद लिए हैं। ऐसे में यह फिल्म अब एक साथ दो बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही है।
कब और कहां देखें 'हनुमान अंश'?
नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित इस भक्तिपूर्ण बायोपिक की स्ट्रीमिंग डेट्स का ऐलान कर दिया गया है। दर्शकों की सुविधा और भाषाओं की विविधता को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने इसे दो अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज करने का फैसला किया है। फिल्म का हिंदी वर्जन 27 नवंबर से 'सोनी लिव'पर स्ट्रीम होगा। वहीं, इसके दो दिन बाद यानी 29 नवंबर से यह फिल्म 'नेटफ्लिक्स'पर भी दस्तक देगी।
नेटफ्लिक्स ने खास पोस्ट शेयर कर दी जानकारी
नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए इसकी रिलीज की पुष्टि की है। प्लेटफॉर्म ने कैप्शन में लिखा, "आस्था ने उसका जीवन बदल दिया, और उसकी भक्ति ने हजारों लोगों की जिंदगी बदल दी। भगवान हनुमान के एक सच्चे भक्त की दिव्य कहानी देखें।" नेटफ्लिक्स पर यह फिल्म 29 नवंबर से तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और गुजराती भाषाओं में उपलब्ध होगी। अलग-अलग भाषाओं के लिए दो बड़े प्लेटफॉर्म्स के साथ हुई इस डील ने फिल्म की पहुंच को और भी व्यापक बना दिया है।
रिजेक्शन से ऐतिहासिक सफलता तक का सफर
'हनुमान अंश' की सफलता की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने हाल ही में खुलासा किया था कि शुरुआती दौर में एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए इस फिल्म को रिजेक्ट कर दिया था। इतना ही नहीं, रिलीज के पहले दो हफ्तों तक फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर भी संघर्ष करना पड़ा था। लेकिन तीसरे हफ्ते में माउथ पब्लिसिटी के दम पर फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए।
बॉक्स ऑफिस पर की छप्परफाड़ कमाई
कमाई के आंकड़ों की बात करें तो 'हनुमान अंश' ने दुनिया भर में 453.46 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भारत में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 404.66 करोड़ रुपये (नेट 342.99 करोड़ रुपये) रही, जबकि विदेशों से इसने 48.80 करोड़ रुपये जुटाए। भाषा के आधार पर हिंदी वर्जन ने 337.08 करोड़ रुपये और तेलुगु वर्जन ने 5.91 करोड़ रुपये का कारोबार किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनी पिक्चर्स ने इसके डिजिटल राइट्स 63 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में खरीदे हैं, हालांकि नेटफ्लिक्स की डील की राशि का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 25 November 2026 at 23:17 IST