Haridwar: इमरान हाशमी की फिल्म शूटिंग के दौरान बवाल, BAR लिखा देख भड़के लोग, धार्मिक भावनाएं आहत होने पर बाउंसरों से धक्का-मुक्की- VIDEO
Emraan Hashmi Controversy: इन दिनों इमरान हाश्मी हरिद्वार में फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। ऐसे में एक शूट के दौरान किसी विवाद पर स्थानीय लोगों ने नराजगी जताई है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Emraan Hashmi Bar Controversy: बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी इन दिनों अपनी एक नई फिल्म की शूटिंग के लिए पवित्र नगरी हरिद्वार में हैं। लेकिन, हरकी पौड़ी के पास चल रही इस शूटिंग के दौरान अचानक एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि सेट पर मौजूद बाउंसरों और स्थानीय लोगों के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। तो चलिए जानते हैं कि आखिर यह पूरा विवाद क्यों हुआ।
क्यों हुआ हंगामा?
दरअसल, फिल्म के एक सीन के लिए वहां मौजूद एक होटल के बाहर 'कैफे एंड बार' का बोर्ड लगाया गया था। जैसे ही स्थानीय लोगों, तीर्थ पुरोहितों और हिंदू संगठनों की नजर इस बोर्ड पर पड़ी, उन्होंने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि हरिद्वार एक बेहद धार्मिक और पवित्र शहर है। गंगा किनारे इस तरह 'बार' शब्द का इस्तेमाल करना उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। इसी बात को लेकर वहां बहस शुरू हो गई और माहौल काफी गर्म हो गया।
वायरल वीडियो में क्या है?
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्थानीय लोग काफी गुस्से में हैं। एक व्यक्ति चिल्लाते हुए कहता है कि "आप मुंबई से आए हो ना? यहां शूटिंग चल रही है? ये बोर्ड लगाने की परमिशन किसने दी? हमें परमिशन दिखाओ। ये हमारी हर की पौड़ी है, यहां ये सब नहीं चलेगा। ये 'बार' शब्द को तुरंत हटाओ, गंगा के किनारे ये सब नहीं होगा।"
कैसे शांत हुआ मामला?
जब फिल्म की टीम ने देखा कि लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है, तो उन्होंने समझदारी दिखाते हुए तुरंत उस बोर्ड से 'बार' शब्द को हटा दिया। बोर्ड हटने के बाद ही स्थानीय लोग शांत हुए और मामला सुलझ सका। हालांकि, इस पूरे हंगामे और वायरल वीडियो में इमरान हाशमी कहीं नजर नहीं आए, लेकिन उनकी टीम ने स्थिति को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया। आपको बता दें कि इस फिल्म में इमरान के साथ एक्टर अपारशक्ति खुराना भी काम कर रहे हैं।
जल्द ही 'आवारापन 2' में नजर आएंगे इमरान
अगर इमरान हाशमी के वर्क फ्रंट की बात करें, तो वह जल्द ही अपनी हिट फिल्म के सीक्वल 'आवारापन 2' में नजर आने वाले हैं। फिल्म में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी नजर आएंगे। इसके डायरेक्टर नितिन कक्कड़ हैं। साथ ही, यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 12 June 2026 at 18:57 IST